22-Oct-2023 03:33 PM
3072
भोपाल, 22 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए आज कहा कि जिस तरह शिवसेना महाराष्ट्र में दो हिस्सों में बंट गई थी, वैसे ही अब कांग्रेस मध्यप्रदेश में दो हिस्सों में बंट गई है।
श्री चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी वादे नहीं करती, हम काम कर रहे हैं और जो काम कर रहे हैं, वो बता रहे हैं। कांग्रेस के लोग रोज झूठे वादे करते हैं, कांग्रेस ने मोहब्बत की दुकान नहीं बल्कि झूठ की दुकान खोल रखी है।
उन्होंंने कहा कि कांग्रेस दूसरा 'महाझूठ पत्र' तो ले आई, पहले वचन पत्र का क्या हुआ। कांग्रेस महाझूठ पत्र निकाल रही है, मध्यप्रदेश की जनता इन पर भरोसा नहीं करेगी।
श्री चौहान ने कहा कि ये बात भी समझ से परे है कि मध्यप्रदेश में किसकी कांग्रेस है, सोनिया गांधी की या मल्लिकार्जुन खरगे की। वास्तव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस 'के' की हो गई है, कमलनाथ की कांग्रेस। वही सर्वे कर रहे हैं। वही टिकट बांट रहे हैं, कार्यकर्ता प्रदर्शन कर कपड़े फाड़ रहे हैं, पुतले जला रहे हैं, दशहरे से पहले ही पुतले जल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जैसे शिवसेना महाराष्ट्र में दो हिस्सों में बंट गई, वैसे ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस दो हिस्सों में बट गई। श्री कमलनाथ ने तो 'इंडी' गठबंधन का भी सत्यानाश कर दिया। ना गठबंधन का कोई भविष्य है और ना ही कांग्रेस का।...////...