मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री समेत अन्य विधायकों ने विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली
18-Dec-2023 08:46 PM 9249
भोपाल, 18 दिसंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश की नवगठित सोलहवीं विधानसभा के चार दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन आज मुख्यमंंत्री डॉ मोहन यादव समेत अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने विधायक पद की शपथ ग्रहण की। सदन की कार्यवाही का संचालन सामयिक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) गोपाल भार्गव ने किया। कार्यवाही की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विधायक पद की शपथ ग्रहण कर आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल ने विधायक पद की शपथ ग्रहण की। तत्पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भारतीय जनता पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राज्य विधानसभा में विधायक के तौर पर शपथ ग्रहण की। इसी क्रम में विधानसभा में विधानसभा क्षेत्र के क्रमवार विधायकों की शपथ ग्रहण की गई। सदन में आज मुख्यमंत्री डॉ यादव समेत कुल 207 विधायकों ने विधायक पद की शपथ ग्रहण की। शेष विधायकों की शपथ कल सदन की कार्यवाही के दौरान होगी। इसके पहले सदन की कार्यवाही शुरु होते ही सामयिक अध्यक्ष श्री भार्गव के निर्देश पर परंपरानुसार सदन में एक मिनट का मौन रखा गया। मौन के बाद श्री भार्गव ने कांग्रेस को सदन का मुख्‍य प्रतिपक्षी दल और उसके नेता श्री उमंग सिंघार को प्रतिपक्ष का नेता घोषित किया। नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने श्री सिंघार के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार अपने सकारात्‍मक, विकासात्‍मक कार्यों में लगातार काम करती रहेगी और विपक्ष का भी सहयोग सदैव अपेक्षित रहेगा। इसी क्रम में सामयिक अध्यक्ष श्री भार्गव ने सभापति तालिका की भी घोषणा की। सदन के वरिष्ठ सदस्यों अजय विश्नोई, अर्चना चिटनिस, राजेंद्र पांडेय, डॉ राजेंद्र सिंह, लखन घनघोरिया और श्रीमती झूमा सोलंकी को सभापति तालिका में शामिल किया गया है। आज 207 विधायकों द्वारा शपथ ग्रहण करने के बाद श्री भार्गव ने सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। नवनिर्वाचित सदस्यों द्वारा शपथ ग्रहण करने का क्रम कल भी जारी रहेगा। आज से शुरु हुआ चार दिवसीय विशेष सत्र गुरुवार तक प्रस्तावित है। सदन में कुल 230 सदस्य हैं। इस दौरान सभी सदस्यों को शपथ दिलाया जाना प्रस्तावित है। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ इस पूरे सत्र के दौरान अनुपस्थित रहेंगे। साथ ही पार्टी के एक अन्य विधायक सोहन लाल वाल्मीक भी कार्यवाही के दौरान अनुपस्थित रहने वाले हैं। बीस दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा और इसी दिन राज्यपाल का अभिभाषण प्रस्तावित है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^