महाकौशल अंचल की सीटों पर पार्टी की जीत के संबंध में चर्चा की अमित शाह ने
28-Oct-2023 08:20 PM 1787
जबलपुर, 28 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के ठीक 20 दिन पहले राज्य की तीन दिन की यात्रा के तहत आज जबलपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाकौशल अंचल की लगभग 38 सीटों पर पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए। पार्टी की ओर से मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार श्री शाह ने यहां भाजपा के जबलपुर संभागीय कार्यालय में जबलपुर संभाग की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। श्री शाह ने विधानसभा चुनाव में महाकौशल की 38 सीटों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में और फिर इसके बाद अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड विजय दिलाने का संकल्प दिलाया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, केंद्रीय मंत्री व प्रदेश सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवाल, प्रहलाद सिंह पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद राकेश सिंह, कैलाश सोनी, सुश्री कविता पाटीदार, ढालसिंह बिसेन, रावउदय प्रताप सिंह और संभाग के पार्टी पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के पहले श्री शाह विशेष विमान से यहां डुमना हवाईअड्डे पर पहुंचे, जहां प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद श्री शाह ने यहां मालगोदाम चौक स्थित अमर शहीद शंकर शाह और रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जनजातीय कलाकारों ने लोक नृत्य के जरिए श्री शाह का स्वागत किया। जबलपुर की यात्रा के बाद श्री शाह छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव रवाना हो गए। श्री शाह तीन दिनों की यात्रा के दौरान राज्य के सभी दस संभागों के पार्टी पदाधिकारियों से अलग अलग निर्धारित स्थानों पर बैठक में चर्चा करेंगे। वे भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा और खजुराहो की यात्रा पर रहेंगे। मध्यप्रदेश में सभी 230 सीटों पर चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होगा। राज्य में भाजपा वर्ष 2003 से सत्ता में है, हालाकि दिसंबर 2018 से मार्च 2020 के दौरान लगभग पंद्रह महीने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार सत्ता में रही। राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ कथित सत्ताविरोधी रुझान की खबरों के बीच पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनावी कमान अपने हाथ में ले ली है। केंद्रीय नेतृत्व राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी कोशिश में जुटा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^