महाराष्ट्र सभी क्षेत्रों में नंबर एक पर है: शिंदे
15-Aug-2023 07:02 PM 8508
मुंबई, 15 अगस्त (संवाददाता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कृषि, शिक्षा, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे सभी क्षेत्रों में देश में नंबर एक राज्य बने रहने पर जोर दिया और नागरिकों से नंबर राज्य बनाए रखने के लिए प्रयास करने की अपील की। देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां मंत्रालय परिसर में तिरंगा फहराने के बाद, श्री शिंदे ने कहा कि राज्य प्रत्यक्ष रूप से विदेशी निवेश में भी देश में पहले स्थान पर है। इससे रोजगार के अवसर काफी हद तक बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि राज्य के मुखिया के रूप में वे पिछले एक वर्ष में आम जनता के कल्याण के लिए कार्य करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचे, तभी 'स्वराज्य' (स्वतंत्रता) को 'सुराज्य' (सुशासन) में बदला जा सकता है। श्री शिंदे ने कहा कि आजादी का असली मतलब जिम्मेदारी है और देश का विकास करना, बेहतर समाज का निर्माण करना और सबको साथ लेकर आगे बढ़ना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'मेरी माटी, मेरा देश' का उद्घोष कर सभी को इस जिम्मेदारी की याद दिलाई है। उन्होंने दावा किया पिछले पांच वर्षों में श्री मोदी ने 13.5 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। इसके अलावा, जन-धन और प्रत्यक्ष लाभार्थी हस्तांतरण की शुरुआत कर देश के गरीबों को सशक्त बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में अधिक पारदर्शिता आई है। ध्वजारोहण के बाद, श्री शिंदे ने छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर, महात्मा जोतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले और जिजाऊ मां साहेब के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा, उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ज्ञात और अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेन्द्र कुमार उपाध्याय, मुख्य सचिव मनोज सौनिक, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, शिष्टाचार विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा म्हैस्कर, सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशक जयश्री भोज, मुंबई में तीनों सेनाओं के मुख्य अधिकारी, मंत्रालय के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^