ममता ने तूफान से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की
25-Oct-2024 07:26 PM 8348
कोलकाता, 25 अक्टूबर (वार्ता ) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के मद्देनजर दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों से करीब 2.16 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य के तटीय इलाकों, खासकर पूर्वी मेदिनीपुर में आज तड़के से बारिश हो रही है। सुश्री बनर्जी (जिन्होंने नबान्न में रात भर स्थिति की निगरानी की) ने आज जिलाधिकारियों के साथ आभासी माध्यम से बैठक करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि दाना के कारण पूर्वी मेदिनापुर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि फसलों सहित संपत्ति के नुकसान का तुरंत पता नहीं लगाया जा सका है, लेकिन अधिकारियों को विवरण का पता लगाने और निवारण के लिए उपाय करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि लगभग 2.16 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जिनमें से 1.5 लाख लोगों को 1227 राहत शिविरों में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तूफान के कारण केवल एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है और उसकी भी मौत उस समय हुयी, जब वह घर पर केबल पर काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार देखेगी कि इस समय उसके परिवार को सहायता दी जा रही है या नहीं। पूर्वी मेदिनीपुर में करीब 175 लकड़ी के लाइट मास्ट उखड़ गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।कोलकाता बारिश और तूफान से ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ, हालांकि मध्य, उत्तर और दक्षिण में कई निचली सड़कें घुटने तक पानी भर गया है। बारिश सुबह करीब छह बजे शुरू हुई और खबर लिखे जाने तक जारी थी। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी सुबह आठ बजे से उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया। उल्लेखनीय है कि एहतियातन गुरुवार को शाम छह बजे से विमानों का परिचालन बंद कर दिया गया था। हावड़ा और सियालदह स्टेशनों पर लोकल ट्रेनें भी चलने लगी हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^