मणिपुर की बर्बर घटना राष्ट्र की चेतना पर बहुत बड़ा धब्बा: मान
20-Jul-2023 05:18 PM 7646
चंडीगढ़, 20 जुलाई (संवाददाता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को मणिपुर में दो महिलाओं पर यौन उत्पीड़न और उनके साथ किये गये क्रूर कृत्य पर गहरा सदमा और दुख व्यक्त किया। श्री मान ने इस जघन्य अपराध के आरोपियों को अनुकरणीय सजा सुनिश्चित करने की भी मणिपुर अपील की है। मुख्यमंत्री ने यहां जारी बयान में कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि असहाय महिलाएं इस जघन्य अपराध का शिकार हुईं। उन्होंने कहा कि यह बर्बर घटना देश की अंतरात्मा पर एक बड़ा धब्बा है और इस घटना की सभी को निंदा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य है, जिससे आज हर देशवासी शर्मसार हो रहा है। दोषियों के लिए कड़ी सजा की वकालत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अपराधी नरमी के पात्र नहीं हैं और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देकर देश के कानून के अनुसार निपटा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार, दोस्तों और उनके शुभचिंतकों को न्याय मिल सके। महिलाओं की शील और गरिमा सुनिश्चित करने के अपने रुख को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इस नेक काम के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा दिलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मणिपुर में स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है और प्रधानमंत्री को इस पर भी ध्यान देना चाहिए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^