मणिपुर में भाजपा को पूर्ण बहुमत से मिली सत्ता
10-Mar-2022 11:35 PM 7934
इम्फाल, 10 मार्च (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मणिपुर विधानसभा की 60 में से 32 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता हासिल की है। भाजपा लगातार दूसरी बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है। नेशनल पीपुल्स पार्टी सात सीटों पर जीत दर्ज कर दूसरे नंबर पर रही है। वहीं जनता दल (यूनाइटेड) ने छह सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस के पांच उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की तथा तीन निर्दलीय प्रत्याशी विजयी घोषित हुए। नागा पीपुल्स फ्रंट को भी पांच सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कुकी पीपल्स अलायंस ने दो सीटों पर कब्जा किया। निर्वाचन आयोग के अनुसार हेंगांग सीट से मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह (भाजपा) ने कांग्रेस के पी शरतचंद्र सिंह को 18271 मतों के अंतर से पराजित किया। मुख्यमंत्री सिंह ने राज्य में पार्टी को दोबारा सत्ता में लाने के लिए राज्य की जनता का धन्यवाद किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, 'धन्यवाद मणिपुर, आज हमने जो ऐतिहासिक जीत हासिल की है। वह माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के गतिशील नेतृत्व में जन आस्था और जनोन्मुखी शासन का प्रमाण हैं। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को मेरी हार्दिक बधाई।' मणिपुर के हेरोक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के थोकचोक राधेश्याम ने कांग्रेस के एम ओकेन्द्रा को 403 मतों से हराया। नांबोल में भाजपा के थोंनोजम बसंत कुमार सिंह ने कांग्रेस के एन लोकेन सिंह को 3060 मतों के अंतर से हराया। लंगथाबल विधानसभा सीट से भाजपा नेता के. श्याम ने कांग्रेस के उम्मीदवार ओकराम जॉय सिंह को 2053 वोट से शिकस्त दी। वांगोई में भाजपा के कृषि मंत्री ओ. लुखोई को कांग्रेस उम्मीदवार खुराईजम लोकेन सिंह ने 3266 मतों के अंतर से पराजित किया। राज्य में 17 महिलाओं सहित 265 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला आज हो गया। गौरतलब है कि मणिपुर में 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 28, भारतीय जनता पार्टी ने 21, नागा पीपुल्स फ्रंट और नेशनल पीपुल्स पार्टी ने चार-चार सीटें जीती थीं। लोक जन शक्ति पार्टी, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों को एक-एक सीट मिली थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^