मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 जनवरी को करेंगे फिट इण्डिया क्लब का लोकार्पण
18-Jan-2025 12:00 AM 715

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 जनवरी को गौतम नगर में फिट इण्डिया क्लब का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 3 बजे आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मंडाविया भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में 6 विभागीय खेल अधोसंरचना का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया जायेगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस संबंध में मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आवश्यक तैयारियों के संबंध में संबंधितों को दिशा-निर्देश दिये। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि देश में प्रथम फिट इण्डिया क्लब का लोकार्पण होने जा रहा है। इसमें व्यायाम, फिटनेस, खेल गतिविधियाँ एवं स्वास्थ्य सहित पोषण आहार संबंधी कार्यक्रम होंगे। वॉकिंग ट्रेक, योग एवं मेडिटेशन केन्द्र के साथ ओपन जिम, पारम्परिक खेल जोन, लायब्रेरी एवं किड्स जोन का प्रावधान भी किया जा रहा है। साथ ही महिला फिटनेस सेंटर, मल्टीपर्पस इण्डोर हॉल एवं स्वीमिंग पूल का भूमि-पूजन किया जायेगा। यह फिट इण्डिया क्लब पूरे प्रदेश के लिये एक मॉडल होगा।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^