मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में जो कदम उठाये गये हैं, वह सराहनीय हैं : केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
10-Apr-2025 12:00 AM 714

संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान में जो कदम उठाये गये हैं, वह सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो। सभी वॉलेंटियर्स के रूप में आगे आयें और अपने-अपने स्तर पर प्रयास करें। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया शिवपुरी जिले के बदरवास में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लाल तालाब के श्रमदान में शामिल हुए।

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने पत्रिका समूह द्वारा किये जा रहे “अमृत जलम अभियान’’ की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ हमारा सदैव संबंध रहा है और जल है तो कल है। उन्होंने कहा कि हमें यह दृढ़ संकल्प करना होगा कि हम आने वाली पीढ़ी के लिये जल को सुरक्षित रखेंगे। उन्होंने इस अभियान में सभी की भागीदारी के लिये बधाई दी।

कलियासोत को प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल

भोपाल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में पर्यावरण संरक्षण के लिये एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है। इसमें वन विभाग, तिंसा फाउण्डेशन और नगर निगम ने मिलकर अभियान शुरू किया है। इस अभियान में कलियासोत को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। शहर के विभिन्न कॉलेजों के छात्र स्वैच्छा से इस अभियान में जुटे हैं। नगर निगम के कर्मचारी और वन विभाग का फ्रंटलाइन स्टॉफ भी इस अभियान में सक्रिय है। शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार और भोपाल की सुंदरता को बनाये रखने के लिये अभियान चलाया जा रहा है। उप वन मण्डलाधिकारी श्री धीरज सिंह चौहान ने बताया कि कलियासोत डेम क्षेत्र बाघ भ्रमण क्षेत्र, जहाँ का इलाका प्राकृतिक सम्पदा से समृद्ध है, इसे भोपाल का आक्सीजन बेल्ट कहा जाता है। यह अभियान क्षेत्र के ईको सिस्टम और शहर के पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मदद करेगा।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^