मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में पचमढ़ी राजभवन में 3 जून को होगी मंत्रि-परिषद की बैठक
03-Jun-2025 12:00 AM 978

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 3 जून को पचमढ़ी स्थित राजभवन में मंत्रि-परिषद की बैठक होगी। यह ऐतिहासिक बैठक पराक्रमी राजा भभूत सिंह को समर्पित होगी। बैठक में जनजातीय विरासत, प्राकृतिक संपदा और विकास के लिये नये संकल्प किये जायेंगे। यह अवसर जनजातीय नायकों के गौरव पचमढ़ी जैसे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय रूप से महत्वपूर्ण स्थल को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पचमढ़ी प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत 33.88 करोड़ रुपये की लागत के 11 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और लगभग 20.49 करोड़ रुपये की लागत के 6 कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद पौध-रोपण भी करेंगे।

कैबिनेट बैठक विशेष रूप से गौंड शासक राजा भभूत सिंह की स्मृति को समर्पित होगी, जिन्होंने पचमढ़ी की पहाड़ियों का उपयोग अंग्रेजों से स्वतंत्रता के लिए संघर्ष, शासन संचालन, रक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए किया था। कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर राजा भभूत सिंह के पराक्रम और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान का स्मरण करते हुए सम्मान किया जाएगा।

यह कैबिनेट बैठक न केवल एक प्रशासनिक पहल है, बल्कि यह प्राकृतिक धरोहरों के सम्मान, जनजातीय इतिहास के पुनर्पाठ और स्थानीय विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह प्रयास 'विरासत से विकास' की राज्य शासन की नीति को मजबूत करता है।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^