22-Sep-2023 07:37 PM
4919
देवास, 22 सितंबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। धरती से लेकर चांद तक तिरंगा लहरा रहा है।
श्री विजयवर्गीय ने यह बात जन आशीर्वाद यात्रा के जिले के हाट पिपलिया पहुंचने पर एक आमसभा को संबोधित करते हुए कहीं। श्री विजयवर्गीय ने हाट पिपलिया में भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
भाजपा महासचिव ने कहा कि भाजपा के शासन काल में गांव, गरीब और किसान तक खुशहाली पहुंची है। शहरों के साथ साथ गांव की तस्वीर बदली है। आज गांव- गांव में सड़क, बिजली और पानी की सुविधा मिल रही है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से गांव की बहनों की जिंदगी बदलने का काम मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पारित कर मातृशक्ति को जो सम्मान दिया वो कांग्रेस ने कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि हर माता बहनों के आंसू पोंछने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उज्जवला योजना बनाई, जबकि कांग्रेस में कभी भी गरीब का दुःख दर्द महसूस नहीं किया। यही कारण है कि कांग्रेस ने जनता से अब वोट मांगने का अधिकार भी खो दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में और खास कर हाट पिपलिया में सड़कों की जो दायनीय हालत थी उसे देखकर यही कहते थे कि कांग्रेस गड्ढे वाली सड़क के समान है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में भाजपा ने पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया है। इस मौके पर मंच पर आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, विधायक मनोज चौधरी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान विधायक मनोज चौधरी द्वारा किए गए विकास कार्यों की एक डॉक्यूमेंट्री का भी श्री विजयवर्गीय ने लोकार्पण किया।
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा ने विधानसभा क्षेत्र हाटपिपलिया में प्रवेश किया। यात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। इस यात्रा में सैकड़ो वाहनों का काफिला शामिल था। जबकि युवा कार्यकर्ता दो पहिया वाहनों पर हाथों में भाजपा का झंडा लिए नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। जगह-जगह यात्रा का आरती उतार का स्वागत किया गया तथा आतिशबाजी भी की। इसके पूर्व ग्राम नवेरी, मानसा में भी यात्रा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा को क्षेत्र में भारी जन समर्थन मिल रहा है। यात्रा मार्ग के दोनों और लगे मंचों से स्वागत किया गया।...////...