06-Sep-2023 07:25 PM
1908
भीलवाड़ा 06 सितंबर (संवाददाता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केन्द्र की मोदी सरकार पर जनता को भ्रमित एवं गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके पास न कोई योजना हैं और न ही गरीबों के लिए काम करने का हौंसला एवं फितरत है, केवल कांग्रेस को गालियां देते जायेंगे और कहते रहेंगे परिवारवाद और कांग्रेस ने पिछले 70 साल में क्या किया जबकि कांग्रेस का एक लम्बा इतिहास है।
श्री खड़गे बुधवार को भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा “ मोदी सरकार है, यह कहीं किसी को ऊपर आने नहीं देती है और जो कांग्रेस ने पहले किया है, उसको मिटाने में खुशी मानते हैं। जो-जो चीजें हमने की हैं, उसको वहीं रोक दिया गया और वो जो नई-नई योजनाएं कहकर ला रहे हैं, उसमें कुछ भी नहीं रहा क्योंकि उनके पास न प्लानिंग है, न गरीबों के लिए काम करने का हौसला है और न ही गरीब के लिए कुछ नई-नई योजनाएं लाने की उनकी फितरत है। वो कुछ नहीं करेंगे, सिर्फ कांग्रेस को गालियां देते जाएंगे और हमने क्या नहीं किया। बार-बार हमें पूछते हैं कि भाई, 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया।”
उन्होंने राजस्थान को महान हस्तियों का प्रदेश बताते हुए कहा कि बप्पा रावल हो, महाराणा प्रताप हों, मुहम्मद शाह हों, सभी ने इस धरती पर जन्म लेकर अपना पराक्रम दिखाया है और देश की रक्षा के लिए उन्होंने अपनी जान की कुर्बानी भी दी है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में कांग्रेस का भी योगदान है। यहाँ एक तो टैक्सटाइल वर्कर का और टैक्सटाइल काम की बहुत बड़ी देन है देश को।
उन्होंने कहा “जब सी पी जोशी केन्द्र में ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर थे उस वक्त मेमू ट्रेन की एक फैक्ट्री बनाने के लिए मैं और श्रीमती सोनिया गांधी यहाँ पर आए थे और उसकी बुनियाद हम डाल कर गए थे। लेकिन वह पत्थर वहीं रह गया, क्योंकि मोदी सरकार कहीं किसी को ऊपर आने नहीं देती। उन्होंने कहा “ राजस्थान में आजादी के बाद भू सुधार कौन लाया, जो काश्तकार थे उनको मालिक किसने बनाया, वो तो कांग्रेस ने बनाया। हम कभी भी झूठ नहीं बोलते, लोगों को मजबूत करने के लिए हमारा हर काम है। भूमि सुधार यहां पर हुआ।” उन्होंने कहा कि उसी के साथ यहां पर जो छोटे-मोटे राजे महाराजे थे, उन सबकी तनख्वाह भी बंद कर दी और श्रीमती इंदिरा गांधी ने गरीबों के लिए बैंकों के रास्ते भी खोल दिए।हये है कांग्रेस का काम। भाजपा के लोगों के पास कोई हिम्मत नहीं है काम करने की।
श्री खड़गे ने कहा कि ये लोग कहीं भी जाओ, परिवारवाद, परिवारवाद, क्या है परिवारवाद। किसके लिए बोलते हैं, क्योंकि श्री राहुल गांधी लगातार कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पैदल चले। भारत जोड़ो यात्रा उन्होंने की, साढे चार हजार किलोमीटर चले। चलकर लोगों के दुख और दर्द को समझा। उस भारत जोड़ो यात्रा में गरीब आए, किसान आए, मजदूर आए, विद्यार्थी आए, महिलाएं आई और अनेक लोग उसमें शामिल हो गए। एक बहुत बड़ी, इतनी बड़ी यात्रा शायद भारत में पहले कभी हुई नहीं और आगे भी नहीं होगी। इतना बड़ा राहुल गांधी जी ने कदम उठाकर भारत जोड़ो यात्रा उन्होंने की।
उन्होंने कहा “हम भारत जोड़ो बोलते हैं, तो हमेशा वो ये कहते हैं कि भारत तोड़ो। अब इधर-उधर इंडिया की जो ऑल पार्टी की मीटिंग थी। हमने सबको मिलाकर इकट्ठा करके जो हमारे लाइक माइंडेड लोग हैं उनको मिलाकर हमने एक मजबूत संगठन बनाया। उसको देखकर, उसका नाम रखा गया इंडिया। इंडिया को देखते ही वो घबरा रहे हैं। अरे आप इंडिया छोड़ दो, आप भारत नाम रखो। अब भारत नाम रखने के लिए आ रहे हैं। संविधान में है इंडिया मतलब भारत, ये दोनों शब्द है। भाई आपको क्या एतराज। हम भारत जोड़ो पहले ही बोल रहे हैं। लेकिन आप कुछ ना कुछ नया लाने की कोशिश कर रहे हैं। हमने तो ये संदेश साढ़े चार हजार किलोमीटर तक फैलाया, भारत जोड़ो, भारत जोड़ो और आप कुछ अगर लोगों को फायदा होता है, उसकी अगर हम कहीं बात करते हैं तो जल्द से जल्द वो उसको बदनाम करने की कोशिश करते हैं या लोगों को दिशाहीन एवं भ्रमित करते हैं।...////...