03-Sep-2023 03:31 PM
7967
चित्रकूट (सतना), 03 सितंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व आज भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी की ओर से आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्याेतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, स्थानीय सांसद गणेश सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
श्री नड्डा ने प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट से पहली जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई। प्रदेश में ऐसी पांच यात्राएं निकाली जा रही हैं।
इसक पहले श्री नड्डा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि चित्रकूट प्रभु श्रीराम की तपोभूमि है। जन आशीर्वाद यात्रा भाजपा के कई साल से चल रहे अथक प्रयासों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प हैं। पांच यात्राओं में साढ़े 10 हजार किमी का सफर करके 220 विधानसभाओं में भाजपा सरकारों के जन कल्याण के कार्य पहुंचाएं जाएंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा को गरीब, किसान और समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण के कार्यों के बलबूते प्रदेश की जनता का पूरा आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में फिर कमल खिलाएंगे और भाजपा सरकार फिर प्रदेश की सेवा में जुटेगी।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक किया था। इसी क्रम में उन्होंने 2003 से पहले के और वर्तमान मध्यप्रदेश का तुलनात्मक अध्ययन जनता के सामने आंकड़ों के माध्यम से रखा। उन्होंने भाजपा और मुख्यमंत्री श्री चौहान को प्रदेश के विकास के लिए बधाई दी।
इसके साथ ही उन्होंने 15 महीने की कमलनाथ सरकार पर कई जन कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया।...////...