नड्डा, अनुराग का मंडी में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा, अधिकारियों को व्यवस्था बहाल करने के निर्देश
14-Jul-2023 03:35 PM 1466
मंडी, 14 जुलाई (संवाददाता) सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मंडी के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के हालात जायजा लेने आज यहां पहुंचे। दोनों नेता यहां बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जाकर मौके पर हालात और नुकसान का जायजा लेंगे। वह बाढ़ प्रभावितों से भी मिलेंगे तथा केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट देंगे। केंद्र बाढ़पीड़ितों के लिये राहत-पैकेज की भी घोषणा कर सकता है। दोनों केंद्रीय नेताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल और संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी साथ हैं। दिल्ली से हेलीकॉप्टर में यहां पहुंचने के बाद श्री नड्डा, श्री ठाकुर और श्री ठाकुर सीधे प्राचीन पंत्रवक्त्र मंदिर रवाना हुए जहां मत्था टेकने के बाद रविवार को ब्यास नदी में आई बाढ़ से मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे जहां अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की जानकारी ली। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) शिमला के क्षेत्रीय अधिकारी अब्दुल बासित, परियोजना निदेशक-मंडी वरुण चारी ने मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग को हुए नुकसान के बारे में पूरी जानकारी दी। श्री चारी ने कहा कि चार मील के निकट इस राजमार्ग को बहाल करने के लिये कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा शेष मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया गया है। नेरचौक से मनाली तक सड़क मार्ग बहाल करने में मशीनरी लगी हैं। इन्होंने बाद में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक की। श्री नड्डा की आपदा की घड़ी में हम सभी मिल कर लड़ेंगे तथा केंद्र सरकार प्रभावितों की हरसम्भव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की 13 टीमें प्रदेश में राहत कार्य में जुटी हुई हैं। केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावितों के लिये राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिये आर्थिक मदद भी करेगी। व्यवस्था बहाल करने के लिये जो भी जरूरी होगा वह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में राहत कार्यों में एमआई-17 हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं। भाजपा नेता इसके बाद कुल्लू के हालात जानने को लेकर वहां के लिये लिये रवाना हुये। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने से वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को निकाला जा रहा है। बजौरा-कांडी-कटौला मार्ग पर एक ओर यातायात बहाल कर दिया गया है। वाहनों की संख्या हालांकि अधिक होने पर जाम लग रहा है। यातायात व्यवस्थित करने के लिये पुलिस ने समय सारिणी जारी की है तथा इसी अनुसार वाहनों की आवाजाही होगाी। समय सारिणी के अनुसार रोजाना सुबह नौ से 11 बजे तक बजौरा से कांडी-कटौला मंडी की तरफ के वाहनों को भेजा जाएगा। पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कांडी-कटौला से बजौरा कुल्लू की तरफ वाहनों को छोड़ा जाएगा। दोपहर एक से तीन बजे तक बजौरा से कांडी-कटौला की तरफ और अपराहन तीन बजे से पांच बजे तक कांडी-कटौला से बजौरा की तरफ वाहनों को निकाला जाएगा। इस दौरान डीजल-पेट्रोल और एलपीजी गैस आपूर्ति वाहनों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। मंडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र के अनुसार कुल्लू की तरफ फंसे लोगों को वाया कमांद कटौला सड़क मार्ग से निकाला जा रहा है, लेकिन पर्यटक वाहनों की भारी संख्या के चलते घंटों जाम लग रहे हैं। इसलिए कांडी-कटौला और बजौरा के बीच एक समय में एक ओर से वाहन निकालने की समय सारणी तैयार की है। ब्यास नदी में जल स्तर गिरने से आज जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। जिस ओर भी हालांकि नज़र डाले वहां तबाही का मंजर है। शहर में विशेषकर नदी किनारे की सड़कें, मकान, होटल, दुकानें और अन्य ढांचे मलबे में तब्दील हो गये हैं या पानी की तेल धारा में बह गये हैं। जगह जगह मिट्टी और मलबा प्रकृति के रौद्र रूप की कहानी कह रहा है। लोगों को सबसे ज्यादा यहां रोजमर्रा की वस्तुओं का अभाव परेशानी बढ़ा रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^