नीतीश ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, बाढ़ राहत शिविर का लिया जायजा
04-Oct-2024 09:25 PM 7652
दरभंगा, 04 अक्टूबर (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा जिला के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर बाढ़ राहत शिविर का जायजा लिया। श्री कुमार ने शुक्रवार को यहां जिला मुख्यालय में स्थित इंडोर स्टेडियम में बाढ़ पीड़ितों के लिए तैयार किये जा रहे फूड पैकेट का जायजा लिया और फुड पैकेट में दिये जा रहे सामानों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बाढ़ से प्रभावित प्रति परिवार को 7000 रुपये की दर से बाढ़ राहत की राशि दी जाएगी। दरभंगा जिला अंतर्गत कोसी पश्चिमी तटबंध के टूटने से प्रभावित क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित परिवारों के खाते में 9 अक्टूबर से पहले 7-7 हजार रुपये की दर से आनुग्रहिक अनुदान दिये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं 09 अक्टूबर को प्रत्येक परिवारों के खाते में डीबीटी के माध्यम से यह राशि देंगे। गौरतलब है कि इसके पूर्व बाढ़ प्रभावितों को मात्र 6000 रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाता था। श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की उपलब्धता एवं उसका वितरण, दवा, पशुचारा, बाढ़ आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई, ड्राई राशन पैकेट्स, फूड पैकेट्स समय पर लोगों को उपलब्ध हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखें। आपदा प्रबंधन विभाग की तरफ से चलाए जा रहे राहत कार्यों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई। दरभंगा के लहेरियासराय के इंडोर स्टेडियम फूड पैकेजिंग का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने किरतपुर कुशेश्वरस्थान प्रखंड के बाढग्रस्त इलाके का भी दौरा किया। मुख्यमंत्री ने बिरौल अनुमण्डल क्षेत्र के पूनांच में बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए चलाये जा रहे बाढ़ राहत शिविर का जायजा लिया। पूनाँच गाँव में चल रहे सामुदायिक रसोई घर का निरीक्षण किया जहाँ बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, दूध सहित अन्य व्यवस्थायें की गई थी। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के खाने का स्थल, रसोई घर, वाटर ए०टी०एम०, स्वास्थ्य कैंप, पशु चिकित्सा केन्द्र आदि का भी अवलोकन किया। श्री कुमार ने भोजन के बारे में बाढ़ पीड़ित परिवारों से फीडबैक प्राप्त किया, जहाँ बाढ़ पीड़ितों ने भोजन की गुणवत्ता और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि सूखा राहत और फूड पैकेट की आपूर्ति बाढ़ पीड़ितों के बीच लगातार करते रहें। मुख्यमंत्री ने राहत कैंप में जन्म लेने वाले नवजात बच्चें की माँ को 10 हजार रूपये का चेक प्रोत्साहन राशि प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, विधायक मुरारी मोहन, संजय सरावगी एवं विनय चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुमार, दरभंगा जिले में आपदा राहत को लेकर विशेष प्रतिनियुक्ति पर आए बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन, पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रेड्डी सहित आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^