नेपाल का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा देहरादून, धामी से भेंट में विभिन्न विषयों पर चर्चा
27-Jul-2023 08:44 PM 3978
देहरादून, 27 जुलाई (संवाददाता) नेपाल का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को उत्तराखंड भ्रमण पर देहरादून पहुंचा। पांच सदस्यीय इस प्रतिनिधिमंडल ने यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। उन्होंने भारत-नेपाल से जुड़े विभिन्न सम सामयिक विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की। श्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के लोगों में रहन-सहन, धार्मिक रीति-रिवाजों में काफी समानताएं हैं। उत्तराखंड का बड़ा क्षेत्र नेपाल की सीमा से लगा हुआ। भारत और नेपाल की चुनौतियां भी लगभग एक जैसी हैं। उन्होंने प्रतिनिधि मण्डल सदस्यों से कहा कि नेपाल के विकास के लिए जो भी सहयोग की आवश्यकता होगी, हर संभव मदद की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में मानस खण्ड मंदिर माला मिशन के तहत कार्य किये जा रहे हैं। इसके तहत पहले चरण में 16 मंदिरों को इससे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल का भी काफी क्षेत्र मानस खण्ड में आता है। नेपाल में भी मानस खण्ड मंदिर माला मिशन के तहत कार्य हों, तो पर्यटन एवं तीर्थाटन के लिए उत्तराखण्ड आने वाले लोगों का रूझान नेपाल की ओर भी बढ़ेगा। जिससे लोगों को आजीविका बढ़ेगी। उन्होंने राज्य में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नेपाल में भी इसी मॉडल के अनुरूप कार्य किए जा सकते हैं। श्री धामी ने कहा कि राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ी हैं। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से अधिकांश जन सुविधायें ऑनलाइन की गई हैं। इस तरह की योजनाओं को नेपाल में आगे बढ़ाने के लिए राज्य से उनको जो भी सहयोग की अपेक्षा होगी, वह सहयोग दिया जायेगा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल पम्पा भूसाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को एक युवा और उर्जावान नेतृत्व मिला है। उन्होंने कहा कि मानसखण्ड के तहत जिस योजना से उत्तराखंड सरकार कार्य कर रही है, नेपाल के पर्यटन मंत्री को वे इसकी जानकारी देंगी। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का क्रियान्वयन उत्तराखण्ड में बेहतर तरीके से हो रहा है और वे नेपाल के हित में भी होंगी, इन योजनाओं के अध्ययन के लिए समय-समय पर नेपाल से डेलिगेशन भेजने के लिए भी नेपाल सरकार से वार्ता की जायेगी। प्रतिनिधिमंडल में श्रीमती भूसाल के अलावा, रामेश्वर राय यादव, सत्या पहाड़ी, सुरेश कुमार राय, चक्रपाणि खनल ‘बलदेव’ शामिल थे। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^