23-Jan-2022 10:26 PM
6807
जयपुर, 23 जनवरी (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश में आज शांति एवं सद्भाव कायम करने की जरूरत बताते हुए कहा है कि युवाओं को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के बताए रास्ते पर चलकर गुमराह करने वाली शक्तियों से सावधान रहना होगा।
श्री गहलोत रविवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर आयोजित वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में ‘आजादी का स्वर्णिम इतिहास एवं नया भारत‘ विषयक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता वाले इस मुल्क मेंं कुछ ताकतें हमारे नौजवानों को गुमराह कर रही हैं। धर्म और जाति के आधार पर नई पीढ़ी को आपस में लड़ाने वाली इन ताकतों को हमें कामयाब नहीं होने देना है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने युवाओें में एक नया जज़्बा कायम किया और विदेश की धरती पर आजाद हिंद फौज खड़ी कर अपनी हिम्मत एवं साहस का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के महानायकोंं में ब्रिटिश सत्ता से आजादी के उद्देश्य को लेकर आपसी समन्वय था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रभावित होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस आजादी की जंग में कूदे थे। गांधीजी एवं नेहरू जी की तरह ही उनका उद्देश्य भी मुल्क की आजादी था। आजादी के इन महानायकों में वैचारिक अंतर भले ही रहा हो लेकिन उनमें मनभेद नहीं था, क्योंकि गांधीजी असहमति व्यक्त करने एवं आलोचना करने वालों का भी सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि आज के माहौल में देश में सहिष्णुता की भावना कम होती जा रही है। असहमति व्यक्त करने पर लोगों को देशद्रोही बताते हुए जेल भेजा जा रहा है।
श्री गहलोत ने कहा कि इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 50 वर्ष से जल रही अमर जवान ज्योति को बुझा दिया गया है। 70 सालों में अर्जित की गई देश की उपलब्धियों को नकारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज जिस राह पर जा रहा है, उसे देखते हुए हमारी नौजवान पीढ़ी यहां की महान संस्कृति एवं परम्पराओं के बारे में अध्ययन करे और सच्चाई की राह अपनाए। नेताजी की 125वीं जयंती पर देश के कर्णधार युवाओं को मुल्क को एक व अखंड रखने का संकल्प लेते हुए धर्म निरपेक्ष एवं समता मूलक समाज के निर्माण के नेताजी के सपने को पूरा करना होगा। यही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।...////...