नित्यानंद राय ने रेवंत रेड्डी की जातिसूचक टिप्पणी पर जताई नाराजगी
06-Dec-2023 06:46 PM 8015
पटना 06 दिसंबर (संवाददाता) केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष नित्यानंद राय ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बिहारियों पर की गई जातिसूचक टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। श्री राय ने बुधवार को यहां कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयानों की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। विधानसभा के चुनावों में मिली करारी हार के बाद से कांग्रेस बंटवारे की राजनीति पर अब उतर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के डीएनए पर सवाल उठाने वाले नेता को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव का समर्थन प्राप्त है। भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री रेड्डी का बयान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी की राजनीति का हिस्सा है। पूरी निर्लजता से बिहार के हमारे कुर्मी भाइयों-बहनों का अपमान कांग्रेस कर रही है। बिहार के डीएनए पर सवाल खड़ा करने वाले कांग्रेस को बिहार की एक-एक जनता अपनी ताकत का एहसास कराएगी। उन्होंने कहा कि बिहार के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाकर उत्तर और दक्षिण का भेद पैदा कर राजनीति करने वाली कांग्रेस के डीएनए में ही बंटवारा है। देश को बांटने से लेकर धर्म और जाति के नाम पर बांटकर कांग्रेस देश में राज करना चाहती है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि सनातन धर्म को गाली देने के बाद भी कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन का पेट नहीं भरा है। अब वे बिहारियों के डीएनए पर प्रश्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में बांटने की ऐसी हर राजनीति का जवाब बिहार सहित देश की जनता एकजुट होकर कांग्रेस को देगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^