ओडिशा में भाजपा अकेले लड़ेगी लोकसभा, विधानसभा चुनावः सामल
22-Mar-2024 07:11 PM 6786
भुवनेश्वर, 22 मार्च (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव किसी के साथ न मिलकर अकेले लड़ेगी। श्री सामल ने आज राज्य में भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच चुनावी गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया। गौरतलब है कि करीब एक पखवाड़े से दोनों दलों के बीच लोकसभा और विधानसभा चुनाव में गठबंधन की अटकलें लग रही थीं। कई दिनों से भाजपा के शीर्ष केंद्रीय नेताओं के साथ दिल्ली में चल रही गहन चर्चा के बाद श्री सामल के बयान ने राज्य के लोगों के मन में व्याप्त असमंजस की स्थिति को साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ओडिशा में अकेले चुनाव लड़ेगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ओडिशा के सर्वांगीण विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बनाने के उदेश्य से सभी 21 लोकसभा और 147 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। श्री सामल ने कहा कि अन्य राज्यों ने भाजपा सरकार की डबल इंजन सरकार के कारण विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा, “ओडिशा भाजपा भी राज्य में तेजी से विकास के लिए इसी तरह की डबल इंजन सरकार चाहती है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा,“मोदी सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं ओडिशा में जमीन तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिसके कारण ओडिशा के गरीब बहनों और भाइयों को उनका लाभ नहीं मिल रहा है।” श्री सामल ने कहा, “हमें ओडिशा की पहचान, राज्य के गौरव और जनता के हित से जुड़े कई मुद्दों पर चिंता है।” उन्होंने हालांकि पिछले दस वर्षों में राष्ट्रीय महत्व के कई मुद्दों पर मोदी सरकार को सहयोग और समर्थन देने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद सरकार को धन्यवाद दिया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^