ओडिशा विस में फिर हंगामा,कार्यवाही स्थगित
30-Sep-2023 02:32 PM 1961
भुवनेश्वर, 30 सितंबर (संवाददाता) ओडिशा में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों द्वारा शनिवार को सदन में हंगामा के कारण सुबह करीब 10:31 बजे से शाम चार बजे तक कार्यवाही स्थगित कर दी गयी। जैसे ही आज सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हुई वैसे ही भाजपा सदस्य सदन के वेल में आ गए और गुरुवार को अध्यक्ष द्वारा अपने दो सदस्यों के निलंबन को हटाने और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के अरुण साहू द्वारा नेता प्रतिपक्ष जयनारायण मिश्र के मानसिक स्वास्थ्य पर की गई अपमानजनक टिप्पणी को हटाने की मांग करते हुए नारे लगाने लगे। सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद अध्यक्ष प्रमिला मलिक ने बीजद के सुधीर सामल को अपना प्रश्न उठाने के लिए कहा, लेकिन इससे पहले कि वह प्रश्न को आगे बढ़ाते, भाजपा सदस्य वेल में आ गए और सदन में विरोध प्रदर्शन करने लगे। भाजपा के दो विधायकों मोहन चरण माझी और मुकेश महालिंग को गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष के आसन पर कथित तौर पर दाल फेंकने के बाद शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था। भाजपा सदस्य अपने दो विधायकों का निलंबन वापस लेने और विपक्ष के नेता को दिए गए सत्तारूढ़ दल के नेता अरुण साहू के अपमानजनक ‘मानसिक विकार’ बयान को सदन के रिकॉर्ड से हटाने की मांग कर रहे थे। हंगामे और सदस्यों के आरोप-प्रत्यारोप को देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^