ओंकारेश्वर पूजा में शामिल होने शिवराज सड़क मार्ग से पहुंचे
15-Sep-2023 05:16 PM 8908
इंदौर, 15 सितम्बर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज ओंकारेश्वर पहुँचे और यहाँ आदि गुरु शंकराचार्य की मूर्ति के अनावरण के लिए वैदिक रीति से हो रहे पूजन और हवन कार्यक्रम में शामिल हुए। श्री चौहान के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी पूजन में शामिल हुई। भोपाल में सुबह से तेज बारिश के चलते श्री चौहान हवाई मार्ग की बजाय सड़क मार्ग से होते हुए ओंकारेश्वर पहुंचे। उन्होंने आदिगुरु शंकराचार्य की साधना स्थली ओंकारेश्वर में शिव संकल्प लिया। ओंकारेश्वर के मंधाता पर्वत पर दक्षिणाम्नाय श्रंगेरी शारदापीठ के मार्गदर्शन में महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद प्रतिष्ठान द्वारा देश के लगभग 300 विख्यात वैदिक आर्चकों द्वारा वैदिक रीति से पूजन तथा 21 कुण्डीय हवन किया जा रहा है। यह हवन 19 सितंबर तक चलेगा। श्री चौहान के ओम्कारेश्वर पहुँचने पर जनप्रतिनिधियों और संभागायुक्त मालसिंह, पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी, कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। ओंकारेश्वर में 18 सितंबर को एकात्मता की मूर्ति का अनावरण किया जाएगा। इसके लिए प्रमुख संतों को निमंत्रित भी किया गया है। 11 से 19 सितंबर तक मंधाता पर्वत पर उत्तरकाशी के स्वामी ब्रह्मेन्द्रानंद तथा 32 सन्यासियों द्वारा - प्रस्थानत्रय भाष्य पारायण किया जा रहा है। 18 सितंबर को दक्षिणाम्नाय श्रंगेरी शारदापीठ के मार्गदर्शन में एकात्मता की मूर्ति का अनावरण एवं अद्वैत लोक का भूमि एवं शिला पूजन किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^