पालघर हाईवे लूटकांड खुलासा: सात आरोपी गिरफ्तार
29-Jun-2022 08:29 PM 3715
पालघर 29 जुलाई (AGENCY) महाराष्ट्र के पालघर में हाईवे पर हुए लूट कांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया । पुलिस सूत्रों ने बताया कि हाईवे पर तीन लाख 10 हजार की लूट को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने पुणे और गुजरात से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट को अंजाम देने में इस्तेमाल की गयी कार और तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त कर लीं हैं। इसके अलावा लूटे गये गहने और दो लाख से अधिक नकद भी बरामद किया गया है। गौरतलब है कि आठ जून को दोपहिया वाहन से पालघर की ओर अपने घर जा रहे पीडित को दो अन्य दोपहिया वाहनों पर सवार आरोपियों ने घेर लिया और उसके सिर पर लोहे की छड़ से वार किया साथ ही पीड़ित की आंखों में लाल मिर्च झोंक दी। इसके बाद पीड़ित से तीन लाख दस हजार नकद और गहने लूटकर आरोपी भाग गये। पीड़ित ने अपने साथ हुई लूट की जानकारी पालघर पुलिस थाने में दी और प्राथमिकी भी दर्ज करायी। इसके बाद जांच में जुटी बोइसर की स्थानीय क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज चैक किये । टीवी कैमरों से मिली फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर पुणे और गुजरात से दो दिन पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया। सूत्रों ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^