पद्म विभूषण कल्याण को देश रखेगा याद: योगी
25-Jan-2022 10:49 PM 3861
लखनऊ 25 जनवरी (AGENCY) पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह समेत उत्तर प्रदेश की अन्य चयनित विभूतियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किये जाने पर खुशी का इजहार करते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सम्मानित विभूतियों ने समाज और देश हित को सर्वोपरि रखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज व देश को मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व कल्याण सिंह (पब्लिक अफेयर्स) तथा स्व राधेश्याम खेमका (साहित्य एवं शिक्षा) को मरणोपरान्त ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह तथा राधेश्याम खेमका के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इनके परिजनों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि जिन महानुभावों को मरणोपरान्त पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, उनके देश, प्रदेश व समाज के प्रति योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के राशिद खान (कला) तथा वशिष्ठ त्रिपाठी (साहित्य एवं शिक्षा) को ‘पद्म भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। साथ ही, उत्तर प्रदेश से ही कमलिनी अस्थाना एवं नलिनी अस्थाना (कला) को संयुक्त रूप से, शिवनाथ मिश्रा (कला), शीशराम (कला), सेठ पाल सिंह (अन्य-कृषि), विद्या विन्दु सिंह (साहित्य एवं शिक्षा), शिवानन्द (अन्य-योग), अजय कुमार सोनकर (विज्ञान एवं इंजीनियरिंग), अजिता श्रीवास्तव (कला) तथा डॉ0 कमलाकर त्रिपाठी (मेडिसिन) को ‘पद्मश्री’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। योगी ने उत्तर प्रदेश से सम्बन्धित विभूतियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा है कि पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किए जाने वाले इन महानुभावों से सभी को खासतौर पर युवा वर्ग को प्रेरणा मिलेगी। इन सभी ने उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^