25-Sep-2023 03:56 PM
2211
भोपाल, 25 सितंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रदेश में चुनाव अभियान का शंखनाद करने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्य के पहली बार के युवा मतदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं क्योंकि उन्होंने कांग्रेस का कुशासन नहीं देखा।
श्री मोदी आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व यहां आयोजित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करने आए थे। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस को ताबड़तोड़ तरीके से निशाने पर लिया।
प्रदेश में पिछले दो विधानसभा चुनावों के पूर्व पार्टी इस प्रकार के कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन करती आ रही है। आज के इस विशाल आयोजन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश सरकार के कई मंत्री उपस्थित थे।
श्री मोदी ने कहा कि प्रदेश में पिछले लगभग 20 साल से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। जो युवा पहली बार वोट दे रहे हैं, उन्होंने सिर्फ भाजपा का ही शासन देखा है। वे सौभाग्यशाली हैं, क्योंकि उन्होंने कांग्रेस का कुशासन नहीं देखा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान कुनीति, कुशासन और करोड़ों के भ्रष्टाचार से थी। आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस का शासन रहा, लेकिन पार्टी ने साधन संपन्न मध्यप्रदेश को बीमारू बना दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार के मतदाताओं ने उस समय की बदहाल कानून व्यवस्था, अंधेरे गांव नहीं देखे। वो माहौल नहीं देखा, जो युवा मतदाताओं के माता-पिता और दादा-दादी ने देखा है।
उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव मध्यप्रदेश के लिए बहुत अहम है। इतने अहम समय में अगर परिवारवादी कांग्रेस को मौका मिल गया, तो यहां का बड़ा नुकसान होगा। कांग्रेस एक बार फिर मध्यप्रदेश को बीमारू बना देगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मध्यप्रदेश से सटे राजस्थान और महाराष्ट्र में अवसर मिल गया, तो पार्टी वहां सिर्फ बर्बादी लाई। ऐसे में मध्यप्रदेश के सुनहरे भविष्य को इस बर्बादी से बचाना है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं का भी आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी को हर बूथ पर जीत हासिल करानी है और हर व्यक्ति को कांग्रेस के शासन की वास्तविकता बतानी है।...////...