11-Mar-2022 07:55 PM
8409
अमृतसर, 11 मार्च (AGENCY) पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने विधानसभा चुनावों को लेकर शुक्रवार को कहा कि वह पंजाब के लोगों को नई व्यवस्था शुरू करने के इस बेहतरीन फैसले के लिए बधाई देते हैं।
श्री सिद्धू ने कहा कि यह बदलाव की राजनीति है। उन्होंने कहा,“ लोगों की आवाज ईश्वर की आवाज है। हमें विनम्रता से इसे समझना चाहिए और इसके आगे झुकना चाहिए। लोगों के साथ मेरा जुड़ाव सीमित नहीं है, यह आध्यात्मिक और दिल का है। लोगों के साथ मेरा रिश्ता चुनावी जीत-हार तक सीमित नहीं है। मैं पंजाब के लोगों में ईश्वर और उनके कल्याण में अपना कल्याण देखता हूं। ”
पंजाब कांग्रेस प्रधान ने कहा, “ मैंने आखिर तक सहयोग किया, मेरे हलके में भी चरणजीत सिंह चन्नी आए। कांग्रेस की इस च्वाइस को लोगों ने माना या नहीं, इस पर मैं कुछ नहीं कहूंगा। हमारा इरादा और सोच बड़ी है। हमारी सोच स्वार्थ में बंधी नहीं है।”
श्री सिद्धू ने कहा कि क्रिकेट में सौ रन भी बनाते थे और जीरो पर भी आउट होते थे। हार-जीत का तो कोई मसला ही नहीं है। पंजाब कैसे जीतना है, यह मसला है। इसका एक माडल है और उस पर सभी खड़े हैं।
श्री सिद्धू ने कहा,“ मेरी लड़ाई पहले से ही माफिया के साथ थी। मैं कांग्रेस में रहते हुए माफिया के खिलाफ लड़ता रहा हूं और आगे भी लड़ता रहूंगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को लोगों ने पांच साल के लिए भरपूर बहुमत दिया है। कांग्रेस को भी दिया था, पर कांग्रेस उसका फायदा नहीं उठा पाई। लालची, ढोंगी मुख्यमंत्री, जिसकी बादलों के साथ सांझ थी, उससे मैंने लड़ाई लड़ी, उसे कुर्सी उतारा।”
उनका इशारा कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ था। उन्होंने कहा,“आप को हमने मौका नहीं देना, लोगों ने उन्हें पांच साल के लिए मौका दिया है। वक्त बताएगा कि आगे आप की परफार्मेस क्या रहती है।”
उल्लेखनीय है कि श्री सिद्धू मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने के लिए आतुर थे, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने श्री चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया था।
श्री सिद्धू अमृतसर (पूर्व) सीट से आम आदमी पार्टी (आप) की जीवनज्योत कौर से 6,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए। उन्हें जहां 32,929 वोट मिले, वहीं सुश्री कौर को 39,520 वोट मिले। क्रिकेटर से नेता बने श्री सिद्धू ने पहले भाजपा के टिकट पर अमृतसर से तीन लोकसभा चुनाव जीते हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों में,उन्होंने अमृतसर पूर्व सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और 42,000 मतों के अंतर से जीत हासिल की।...////...