पंजाब में नशे, फिरौती, गैंगवार व भ्रष्टाचार का खेल चरम पर:अनुराग
21-Apr-2024 09:08 PM 2419
जालंधर 21 अप्रैल (संवाददाता) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को यहां कहा कि आम आदमी पार्टी ने नशा मुक्त पंजाब की बात की थी लेकिन नशा युक्त पंजाब बना दिया है। श्री ठाकुर ने कहा कि खेलों के लिए प्रसिद्ध जालंधर समेत पूरे पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद यहां नशे का कारोबार, फिरौती, गैंगवार और भ्रष्टाचार का खेल चरम पर है। उन्होने कहा कि आजादी के बाद से शायद यह पहले पार्टी की सरकार होगी जिसका स्वास्थ्य मंत्री, शिक्षा मंत्री, उप मुख्यमंत्री और स्वयं मुख्यमंत्री जेल में हैं। पंजाब में भी सरकार बनने के दो महीने के अंदर स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा हो जाता है। श्री ठाकुर ने कहा कि सरकार बनने से पहले नैतिकता की दुहाई देने वाले आज जमानत के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र रच रहे हैं। राजनीति में आने से पहले अरविंद केजरीवाल कहते थे कि भ्रष्टाचार खत्म करने आ रहे हैं। आज खुद भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए हैं। कहते थे इस कुर्सी में ही खोट है जो बैठता है भ्रष्टाचारी हो जाता है। आज स्वयं अपनी बात को चरितार्थ कर रहे हैं। श्री ठाकुर ने आगे कहा कि इधर पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान जी कांग्रेस से कहते हैं कि हम आपके हैं कौन और उधर दिल्ली में आप नेता अरविंद केजरीवाल जी कहते हैं हम साथ साथ हैं। यहां भगवंत मान जी कांग्रेसियों को भ्रष्टाचारी बताकर कपड़े फाड़ देते हैं वहां अरविंद केजरीवाल और सुनीता केजरीवाल जी कांग्रेस और पार्टी नेता सोनिया गांधी को गले लगाते हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि इंडिया समूह में जेल वाले और बेल वाले तो साथ आए ही हैं। इसके साथ ही इसमें देश विरोधी ताकते भी शामिल हैं। कांग्रेस का हाथ हर उस ताकत के साथ है जो देश के विरोधी हैं। उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी वायनाड से चुनाव लड़ने के लिए देश विरोधी और पाकिस्तान परस्त पीएफआई तथा एसडीपीआई का समर्थन ले रहे हैं। वहीं दिल्ली में भारत के टुकड़े करने की मंशा रखने वालों को टिकट दे रहे हैं तो इधर पंजाब में भी देश विरोधी ताकतों के साथ बंद कमरे में हाथ मिला रहे हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में जहां एक ओर विकास हुआ है तो वहीं दूसरी ओर विरासत को भी बल मिला है। नेहरू जी की गलती के कारण हमारा ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध करतारपुर गुरुद्वारा हमें नहीं मिला। हमारे लोगों को दूरबीन लगाकर गुरुद्वारे के दर्शन करने पड़ते थे। नरेंद्र मोदी जी ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनवाया। हमने हेमकुंड साहब तक रोपवे पहुंचाई। अफगानिस्तान में हमारे सिख भाइयों पर आपदा आई तो हमने तीन बार विशेष विमान भेज कर गुरु ग्रंथ साहब और सैकड़ो सिख परिवारों को भारत लाया। हमने पूरे धूमधाम से गुरु तेग बहादुर जी का 400 वां और श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 550 वां प्रकाश पर्व मनाया। साहबजादों की शहादत को नरेंद्र मोदी जी ने वीर बाल दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। 84 के दंगों के लिए एसआईटी जांच बिठाकर सिख परिवारों को न्याय मोदी सरकार ने दिया है। श्री ठाकुर ने आगे बताया,“मोदी जी ने अपने 10 वर्षों में देश की पाई-पाई बचाई और गरीब के कल्याण में लगाई। कांग्रेस के समय कृषि का बजट 27000 करोड रुपए थे हमने इसे बढ़ाकर 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^