पाणिग्रहण संस्कार का भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
01-May-2025 12:00 AM 499

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अक्षय तृतीया भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर अत्यंत हर्ष की बात है कि नागदा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हुआ है। आज के दिन शुभ मुहूर्त देखने की आवश्यकता नहीं होती है। पाणिग्रहण संस्कार का हमारी भारतीय संस्कृति में बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गेहलोत बुधवार को नागदा के अटल खेल मैदान परिसर में नगर पालिका परिषद नागदा के द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजना समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समारोह में हर विवाहित कन्या के माता-पिता अपनी बेटी को एक नए जीवन की शुरुआत के लिए आशीर्वाद दे रहे है। विवाह संस्कार और रीति-रिवाज हमारी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा रहे हैं। विवाह संस्कार जन्म से पहले ही तय हो जाता है। नागदा में काफी समय से इस प्रकार के सामूहिक विवाह के कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। यह एक बहुत अच्छी पहल है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ो को अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कर्नाटक के राज्यपाल श्री गेहलोत ने समारोह में उपस्थित वर-वधु के बीच पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया। नव दंपत्तियों को मुख्यमंत्री विवाह योजना में शासन की ओर से दी जाने वाली राशि के चेक वितरित किये और उन्हें पौधे भी भेंट किये।

समारोह में 74 जोड़ो का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह और एक मुस्लिम जोड़े का निकाह कराया गया। विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, श्री राजेश धाकड़, नागदा नगर पालिका अध्यक्ष श्री संतोष ओपी गेहलोत, श्री विजय पटेल, श्री प्रकाश जैन, श्री सुभाष चंद्र शर्मा, श्री दौलत राम प्रजापत, श्री सुल्तान सिंह शेखावत, श्री लाल सिंह जी राणावत एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^