फिल्म सिकंदर ने आईएमडीबी की 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्मों की सूची में पहला स्थान हासिल किया
15-Jan-2025 11:37 AM 8450
मुंबई, 15 जनवरी (संवाददाता) बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान की आने वाली फिल्म सिकंदर ने आईएमडीबी की 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्मों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है। बॉलीवुड स्टार आमिर खान को लेकर सुपरहिट फिल्म गजनी बनाने वाले निर्देशक ए आर. मुरुगदॉस अब सलमान को लेकर फिल्म सिकंदर बना रहे हैं। सलमान खान अभिनीत फिल्म सिकंदर ने अपनी रिलीज़ से पहले ही फैंस के दिलों में जगह बना ली है। यह फिल्म आईएमडीबी की 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्मों की सूची में शीर्ष पर है। अपनी खुशी और आभार व्यक्त करते हुए, ए.आर. मुरुगदॉस ने कहा, सिकंदर को 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित भारतीय फिल्मों की सूची में शीर्ष पर देखकर मैं बेहद खुश और गर्व महसूस कर रहा हूं! सलमान खान के साथ काम करना अविश्वसनीय अनुभव रहा है! उनकी ऊर्जा और समर्पण ने सिकंदर को उस रूप में जीवंत कर दिया है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता! इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए मैं साजिद नाडियाडवाला का दिल से धन्यवाद करता हूं। सिकंदर के हर दृश्य को दर्शकों के दिल में गहरी छाप छोड़ने के लिए तैयार किया गया है! मैंने हर पल को इस तरह से डिजाइन किया है कि वह दर्शकों के साथ हमेशा बना रहे। सलमान खान इस ईद पर सिकंदर के साथ वापसी करने वाले हैं। फिल्म सिकंदर का निर्माण साजिद नाडियाडवाला कर रहे हैं।फिल्म सिकंदर में सलमान के साथ रश्मिका मंदाना और काजल अग्रवाल की भी अहम भूमिका है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^