फ्रांस की राष्ट्रीय दिवस परेड में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सेनाओं का दस्ता रवाना
06-Jul-2023 07:19 PM 5640
नयी दिल्ली 06 जुलाई (संवाददाता) फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस 14 जुलाई को पेरिस में होने वाली परेड में हिस्सा लेने के लिए तीनों सेनाओं का एक दस्ता गुरूवार को वहां के लिए रवाना हो गया। वर्ष 1789 की फ्रांसीसी क्रांति के दौरान बेेस्टिल किले को ध्वस्त किये जाने की वर्षगांठ के रूप में इसे ‘बेस्टिल डे’ के रूप में भी मनाया जाता है। इस वर्ष फ्रांस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बेस्टिल डे परेड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। इस परेड में भारत की तीनों सेनाओं के 269 सैनिक फ्रांसीसी सैन्य दस्तों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर परेड में हिस्सा लेंगे। भारत और फ्रांस की सेनाओं के संबंध प्रथम विश्व युद्ध के समय के हैं। इस युद्ध में भारत के 13 लाख सैनिकों ने हिस्सा लिया था और इनमें से करीब 74 हजार लौटकर नहीं आये जबकि 67 हजार घायल हो गये थे। भारतीय सैनिकों ने इस लड़ाई में जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। बाद में द्वितीय विश्व युद्ध में करीब ढाई लाख सैनिकों ने एशिया से अफ्रीका तक तथा यूरोप में हिस्सा लिया। इस वर्ष दोनों देश अपनी सामरिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरा होने के अवसर को मना रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में दोनों देश विश्वसनीय रक्षा साझीदार बने हैं। दोनों देशों की सेनाएं संयुक्त अभ्यास के साथ साथ परस्पर अनुभवों को भी साझा कर रही हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^