प्रशासन ने अमरनाथ यात्रियों पर पथराव के आरोपों का किया खंडन
19-Jul-2023 04:35 PM 4939
श्रीनगर, 19 जुलाई (संवाददाता) जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रियों पर पथराव को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में किये गये भ्रामक दावों और आरोपों का खंडन किया है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि प्रशासन ने कहा कि यह घटना पिट्ठू वालों के बीच मामूली विवाद के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि यह वीडियो समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने, वैमनस्य फैलाने और शांतिपूर्ण यात्रा में खलल डालने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से बनाया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि प्रशासन ने श्री अमरनाथजी यात्रा के तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सभी इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा की शुरुआत से ही स्थानीय लोग अपनी अथक सेवाएँ देकर यात्रा को सफल बनाने में सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लोगों के बीच भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव और एकता की मिसाल है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आध्यात्मिकता का प्रतिनिधित्व करती है और जम्मू-कश्मीर के आर्थिक विकास में इसका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथजी की पवित्र गुफा की यात्रा पर निकले सभी यात्रियों ने सेवाओं की अच्छी गुणवत्ता की गवाही दी है और निर्बाध यात्रा की सराहना की है। यह उल्लेख करना उचित है कि प्रशासन यात्रियों और यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है और पुलिस को घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। प्रवक्ता ने कहा कि इसके अलावा, सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को फर्जी खबरें फैलाने से बचने के लिए कहा गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^