राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद दूसरी यात्रा भी निकाली जायेगी-शास्त्री
08-Nov-2022 04:24 PM 4728
जयपुर 08 नवंबर (संवाददाता) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद इसके दूसरे चरण की यात्रा भी निकाली जायेगी। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के मीडिया चेयरमैन विभाकर शास्त्री ने आज यहां पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी तो श्री राहुल की यात्रा चल रही है जो नीचे से ऊपर क्षेत्रों की ओर जा रही है। इसके पूरा होने के बाद पूर्व से पश्चिम की यात्रा भी की जायेगी। उन्होंने बताया कि दूसरी यात्रा की योजना बन गई हैं और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जायेगी। उन्होंने बताया कि दोनों यात्राओं के दौरान देश के ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र से यात्रा निकले, यह कोशिश रहेगी। उन्होंने श्री राहुल गांधी की यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश में श्री विनोबा भावे एवं श्री चन्द्रशेखर के बाद श्री राहुल गांधी की यह तीसरी सबसे बड़ी यात्रा हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के शुरुआत में जहां 117 भारत यात्री थे अब इनकी संख्या बढ़कर पांच हजार पहुंच गई हैं जो यह पांच हजार लोग पूरी यात्रा श्री राहुल गांधी के साथ चलना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह है और भीड़ बढ़ रही है। यात्रा के दौरान सोमवार को मशाल जुलूस भी बेहतरीन रहा। श्री शास्त्री ने एक सवाल के जवाब में इस यात्रा को गैर राजनीतिक यात्रा बताते हुए कहा कि इसका चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में गुड गर्वनेंस हो रही है और महात्मा गांधी राष्ट्रीय शहरी रोजगार गारंटी योजना जैसी योजना देश में कहीं नहीं हैं। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के समन्वयक कपिल यादव ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा गत सात सितंबर को कन्याकुमारी के गांधी मंडपम से शुरु हुई जो 12 राज्यों तक होते हुए कश्मीर पहुंचेगी और अब तक चार राज्यों से यह यात्रा गुजर चुकी है और पांचवे राज्य महाराष्ट्र में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने बताया कि यात्रा का आज 62वां दिन हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^