राजस्थान विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों ही कर रही है जीत का दावा
27-Nov-2023 05:23 PM 11858
जयपुर 27 नवंबर (संवाददाता) राजस्थान में विधानसभा आम चुनाव-2023 के मतदान के बाद अब प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ही दल अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा करते हुए मीडिया से कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ फिर सत्ता में आ रही हैं। इसी तरह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने भी दावा किया है कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ यह चुनाव जीतेगी। उन्होंने सोमवार को यहां मीडिया से कहा कि इस चुनाव में भाजपा को जनता का विश्वास एवं जोरदार समर्थन मिला है। श्री जोशी ने कहा कि अब जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के साथ चल पड़ी है और उसने मोदी और कमल पर विश्वास किया है। उन्होंने कहा कि कमल पर यही विश्वास वर्ष 2019 में देखने को मिला था जब लोग घर से चलकर मतदान केन्द्र पर अपना वोट देने पहुंचे और वैसा ही विश्वास इस चुनाव में भी दिखा है। उन्होंने कहा कि इस बार ऐतिहासिक मतदान कई वर्षों बाद हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस ने कई तरीके एवं हथकंडे के प्रयास किए और अंतिम समय तक कई फर्जी आईडी भी बनाई गई लेकिन इस बार जनता ने भाजपा के पक्ष में और कांग्रेस की विदाई का मन बना लिया था। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जनता ने कमल के निशान और भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर विश्वास जताया है और किसान कर्ज माफ नहीं करने, पेपरलीक लीक और महिलाओं की सुरक्षा नहीं करने के प्रति लोगों ने गुस्सा भी जताया है। उन्होंने कहा कि मोदीजी ने जो कहा, वह करके दिखाया हैं जबकि वादाखिलाफी करने वालों को राजस्थान की जनता कभी माफ नहीं करेगी। इसी तरह भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने भाजपा की प्रचंड जीत का दावा करते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत है कि इस बार इतना प्रतिशत में मतदान हुआ। इससे भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव प्रचार में श्री मोदी की सभाओं के बाद भाजपा के पक्ष में माहौल बना और जनता भाजपा के साथ खड़ी रही। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के पक्ष में मतदान करने को उत्सक थे और कांग्रेस के पक्ष में निराशा थी, इसलिए यह ऐतहासिक मतदान हुआ। नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने दावा करते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा भारी बहुमत के साथ चुनाव जीत रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^