रामनाथ कोविंद शुक्रवार शाम पहुंचेंगे भोपाल, तीन दिनों तक रहेंगे राज्य में
26-May-2022 11:25 PM 5909
भोपाल, 26 मई (AGENCY) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मध्यप्रदेश की तीन दिवसीय यात्रा के तहत शुक्रवार शाम विशेष विमान से यहां पहुंचेंगे। उनकी यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा और अन्य आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री कोविंद शुक्रवार 27 मई को शाम साढ़े पांच बजे यहां पहुंचेंगे। विमानतल पर उनकी अगवानी की जाएगी। इसके बाद वे राजभवन पहुंचेंगे और रात्रिविश्राम करेंगे। सूत्रों ने कहा कि श्री कोविंद शनिवार को यहां के कुशाभाऊ इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में पूर्वान्ह 10.50 बजे से दोपहर 12 बजे तक आरोग्य भारती की ओर से आयोजित 'वन नेशन-वन हेल्थ सिस्टम इज द नीड ऑफ ऑवर' कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रपति सायंकाल 5 बजे से 6 बजे तक यहां के ऐतिहासिक मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के नवीन स्वास्थ्य संस्था भवनों का भूमिपूजन करेंगे। राष्ट्रपति श्री कोविंद रविवार को प्रात: 8.30 बजे भोपाल के राजा भोज विमानतल से विमान द्वारा उज्जैन के लिये प्रस्थान करेंगे। वे उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इंदौर जाएंगे और वहीं से दिल्ली वापस लौट जाएंगे। राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर यहां राजभवन और आसपास के कार्यक्रम स्थलों के समीप सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है। पुलिस अधिकारियों की देखरेख में अतिरिक्त पुलिस जवान भी तैनात कर दिए गए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^