राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लें कार्यकर्ताः तोमर
06-Aug-2023 03:51 PM 9206
भोपाल, 06 अगस्त (संवाददाता) केन्द्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समित के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि राष्ट्र और प्रदेश को परम वैभव की ओर ले जाने का काम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। जब भी आप दृढ़ निश्चय के साथ मैदान में उतरे हैं और मन लगाकर काम किया है, तब पार्टी ने बहुमत से जीत हासिल की है। श्री तोमर ने यह बात यहां के नरेला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में जीत के लिए आपको अभी से जुटना होगा। तभी राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने की हमारी संकल्पना पूरी होगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना जैसी योजना चलाई जिससे महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ा है। वहीं केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला, आयुष्मान भारत जैसी कई योजनाएं चलाईं, जिनसे जनता का कल्याण हुआ है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पहले गरीब लोग बैंकों तक पहुंच नहीं पाते थे। अधोसंरचना की बात करें तो 2003 के पहले मध्यप्रदेश में मि. बंटाधार मुख्यमंत्री हुआ करते थे और प्रदेश की सड़कों पर चुटकुले बनने लगे थे। वर्ष 2003 के बाद से जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से प्रदेश की सभी सड़कें बढ़िया हो गई हैं। पहले भोपाल को भी बिजली नहीं मिलती थी लेकिन आज 28 हजार मेगाबाट बिजली का उत्पादन कर गांवों को बिजली दे रहे हैं। प्रदेश में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, अब मेडिकल कॉलेज की संख्या 25 हो गई है। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि राजनीतिक क्षेत्र में काम करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता के रूप में ईश्वर ने हमें प्रेरित किया है। हमें लगता है कि ईश्वर हमसे बहुत कुछ अच्छा करवाना चाहता है इसलिए हमें भाजपा का कार्यकर्ता बनाया है। दुनिया में भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है। कांग्रेस ने नारा दिया था कि देश से गरीबी हटाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। केन्द्र और प्रदेश में जब भाजपा की सरकार आई तो गरीब कल्याण के विकास का खाका खींचा गया। श्री तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2003 में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार थी जो आज प्रति व्यक्ति आय 1.40 लाख रूपए हो गई है। यह भाजपा ही है जिसकी कथनी-करनी में एकरूपता है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आप सौभाग्यशाली हैं कि भाजपा के प्रतिनिधि के रूप में विश्वास सारंग जैसे सक्रिय और ओजस्वी नेता आपको मिले हैं। वे क्षेत्र की जनता का दुख-दर्द समझते हैं और 24 घंटे क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्पित रहते हैं। इसलिए आप फिर से नरेला का मान बढ़ाइए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने खूब जन कल्याणकारी काम किए हैं और विकास भी किया है। लेकिन अब फिर से विधानसभा चुनाव आ रहे हैं और एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए आप कार्यकर्ताओं को लगना पड़ेगा। आप सब को बूथ स्तर तक जाकर सरकार की योजनाओं का ठीक ढंग से प्रचार-प्रसार करना होगा और जनता से सीधे बात करना पड़ेगी। तभी विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में हमारी जीत होगी। उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस को परास्त करना है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है। आज हर हाथ के पास फोन है, मेरा अनुरोध है आज नरेला विधानसभा से आवाज आनी चाहिए कि नवंबर में भाजपा की सरकार पूरे बहुमत के साथ बनेगी। प्रदेशभर में आप अपने परिचितों को दस-दस फोन करके भाजपा के विजय का संकल्प दिलवाएं। आपके छोटे से प्रयास से भाजपा की फिर से सरकार बनेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है देश में श्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेता और प्रधानमंत्री हमें मिला है। हम सौभाग्यशाली हैं कि प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान जैसे नेता मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने प्रदेश के चहुंमुखी विकास का खाका खींचा है। प्रदेश की शिवराज सरकार ने प्रदेश में अमूलचूल परिवर्तन किया है। बहनों की तो बल्ले-बल्ले हो गई है। पहले लाड़ली लक्ष्मी बनी और अब लाड़ली बहना शिवराज की बहना बन गईं। यह सब मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में हुआ है। इस अवसर पर महापौर मालती राय, पार्टी के जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^