रोहिंग्या शिविर में गोलीबारी में पांच लोगों की मौत
07-Jul-2023 03:09 PM 6329
ढाका, 07 जुलाई (संवाददाता) बंगलादेश के कॉक्स बाजार के उखिया में स्थित रोहिंग्या शिविर में आराकान रोहिंग्या सैल्वेशन आर्मी (एआरएसए) और अराकन सॉलिडेरिटी ऑर्गेनाइजेशन (आरएसओ) के बीच हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई। मारे गए सभी लोग अरसा के सदस्य माने जा रहे हैं। यह घटना शुक्रवार तड़के उखिया के कैंप-8 पश्चिम में हुई। मृतकों में कैंप-8 पश्चिम निवासी अनवर हुसैन (24), मोहम्मद हमीम (16), कैंप-13 निवासी नुरुल अमीन (24) और कैंप-10 निवासी मोहम्मद नजीमुल्ला शामिल हैं। पांचवे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। 8-एपीबीएन कैप्टन (अतरिक्त डीआईजी) आमिर जफर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि रोहिंग्या कैंप में बदमाशों के दो गुटों के बीच गोलीबारी की घटना की सूचना मिलने के बाद तड़के घटनास्थल पर पहुंचने पर तीन शव बरामद हुए। दो अन्य घायलों को जब अस्पताल ले जाया गया तब उनकी मौत हो गई। घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। रोहिंग्याओं ने कहा कि शिविर पर अपना नियंत्रण स्थापित करने के लिए अरसा और आरएसओ के बीच पिछले कुछ समय से संघर्ष चल रहा है। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना में पूरे कैंप में अफरा-तफरी मच गई। एपीबीएन के सहायक पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन और मीडिया) फारूक अहमद ने कहा कि शिविर में कई सशस्त्र समूहों के बीच आंतरिक संघर्ष के कारण हत्याएं बढ़ रही हैं। इस बीच आज तड़के दो आतंकी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई है। शुरुआत में यह पुष्टि किया गया था कि वे सभी अरसा के सदस्य थे। श्री फारूक अहमद ने कहा कि, “अरसा कौन है और आरएसओ कौन है यह मुद्दा नहीं है। शिविर में कोई आतंकवादी गतिविधि नहीं होगी। अपराध में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। हत्यारों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^