साढ़े ग्यारह माह में हमने नीति और नियत साफ की: कमलनाथ
22-Oct-2023 06:10 PM 6614
सिवनी, 22 अक्टूबर (संवाददाता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि हमारी सरकार बनी थी, 15 महीने चली। इसमें ढाई महीने आचार संहिता में निकल गए। साढ़े ग्यारह माह में हमने नीति और नियत साफ की। श्री कमलनाथ ने जिले के गोपालगंज में कांग्रेस प्रत्याशी आनंद पंजवानी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य आपके हाथ में है। चुनाव तो आते हैं, पंचायत चुनाव आता है, नगर निकाय चुनाव आते हैं, जिला पंचायत का चुनाव आता है। चुनाव के अलग-अलग मायने होते हैं, 17 नवंबर को जो चुनाव है, यह केवल एक उम्मीदवार का नहीं, एक पार्टी का नहीं है। ये मध्यप्रदेश के भविष्य, सिवनी के भविष्य का चुनाव है। उपस्थितजनों से कहा आप ही भविष्य की रक्षा करेंगे, आप रक्षक हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने नौजवानों से कहा अपने देश को समझिए, भारत जैसा कोई ऐसा देश विश्व में है, जहां इतने धर्म, इतनी जातियां, इतनी भाषाएं, इतने देवी-देवता और इतने त्यौहार होते हैं। भारत की संस्कृति जोड़ने की है, भाईचारा की है। लेकिन आज इस संस्कृति पर भी हमला शुरू हो गया है। बाबा साहेब डॉ बीआर आंबेडकर ने एक अच्छा संविधान दिया। तो वह अच्छा संविधान गलत हाथों में चला जाएगा, तो क्या होगा, तो आप रक्षक है। श्री कमलनाथ ने आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि 17 नवंबर को आप जो बटन दबाएं वह सिवनी के भविष्य का बटन दबाएंगे, मध्यप्रदेश के भविष्य का बटन दबाएंगे। तस्वीर रख लीजिए अपने सामने मध्यप्रदेश, अपने जिले की। कमलनाथ का साथ मत देना, कांग्रेस का साथ मत देना पर सच्चाई का साथ तो दे देना। ये तो आपसे विनती करना चाहता हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गयी घोषणाओं को लेकर भी सवाल उठाए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^