सात पर्यटन स्थलों पर गंतव्य आधारित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम
16-Dec-2021 09:18 PM 5504
नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (AGENCY) केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने आगरा में ताजमहल सहित सात प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों पर उनकी विशेषताओं पर अधारित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए हैं। पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने राज्य सभा में गुरुवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन पर्यटन स्थलों और गंतव्यों के पास रहने वाले स्थानीय लोगों को प्रशिक्षित, उन्नत और जागरूक किया जा सकेगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 5,804 लोगों को शामिल किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019-20 में सात जगहों पर यह कार्यक्रश शुरू किया गया। इसमें आगरा में ताजमहल, दिल्ली में हुमायूं का मकबरा, लाल किला व कुतुब मीनार, बिहार में महाबोधि मंदिर, गोवा में कोलवा बीच और असम के काजीरंगा को रखा गया है। इन जगहों पर गंतव्य आधारित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत की गई ताकि इन स्थलों और स्थलों के पास रहने वाले स्थानीय लोगों को प्रशिक्षित, उन्नत और जागरूक किया जा सके। श्री रेड्डी ने कहा कि यह कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी दोनों गंतव्यों में रोजगार क्षमता को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र में लगी जनशक्ति को उन्नत करने की दिशा में सक्षम है। यह कार्यक्रम वित्त वर्ष 2020-21 में भी जारी रहा है और इसे 150 से अधिक नए गंतव्यों तक बढ़ाया गया है। हालांकि, कोविड-19 महामारी के कारण यह कार्यक्रम 44 गंतव्यों तक पहुंचा है। यह कार्यक्रम चालू वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान भी जारी है और अब तक यह कार्यक्रम 24 गंतव्यों तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 5,804 लोगों को शामिल किया जा चुका है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^