सच्चा नेता हर परिस्थिति में अपने लोगों के साथ रहता है खड़ा-शाह
26-Aug-2023 08:50 PM 3098
जयपुर 26 अगस्त (संवाददाता) केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि एक सच्चा नेता हर परिस्थिति में अपने लोगों के साथ खड़ा रहता है। श्री शाह ने आज सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के सफल चंद्र मिशन, चंद्रयान-तीन से जुड़े इसरो वैज्ञानिकों से मिलने के लिए सुबह ग्रीस से सीधे बेंगलुरु पहुंचे। बेंगलुरु में वैज्ञानिकों को उनका प्रेरणादायक संबोधन भारत की आसमान छूने वाली शानदार उपलब्धि का गुणगान था। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त भारत के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि यह उसके चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की उपलब्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने आज इसे 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस' के रूप में घोषित किया ताकि इस मिशन के पीछे भारत के वैज्ञानिकों की सफलता की कहानी हर आने वाली पीढ़ी तक पहुंचे। यह निर्णय भारतीय वैज्ञानिकों को 'तिरंगे' के गौरव को ऊंचा रखते हुए अंतरिक्ष खोज के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। श्री शाह ने कहा कि भारत के चंद्र मिशन की ऐतिहासिक सफलता से हमारे वैज्ञानिकों ने एक अमिट छाप छोड़ी है। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री ने चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का नाम 'शिवशक्ति' और जहां चंद्रयान-2 गिरा था उस स्थान का नाम 'तिरंगा' यह याद दिलाने के लिए रखा है कि कोई भी विफलता स्थायी नहीं होती है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^