सैनिक स्कूलों में 1000 से अधिक बालिका कैडेटों को मिला दाखिला
09-Feb-2023 11:41 PM 5986
नयी दिल्ली 09 फरवरी (संवाददाता) रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शैक्षणिक वर्ष 2023-24 की प्रवेश प्रक्रिया के समापन के बाद सैनिक स्कूलों में 1000 से अधिक बालिका कैडेटों को प्रवेश की महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सैनिक स्कूल सोसाइटी के प्रयासों की सराहना की है। यह परियोजना सैनिक स्कूल छिनछिप में 2018-19 में छः लड़कियों के प्रवेश के साथ पायलट परियोजना के रूप में शुरू की गई और बाद में शैक्षणिक वर्ष 2021-22 में इसका सभी सैनिक स्कूलों में विस्तार किया गया। सैनिक स्कूलों में अभी 674 लड़कियां अध्ययनरत है। रक्षा राज्य मंत्री ने गुरुवार को यहां आयोजित 50वें अखिल भारतीय सैनिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “मुझे यह जानकर अपार हर्ष हो रहा है कि सैनिक स्कूलों में लड़कियों के नामांकन की प्रक्रिया जो पांच साल पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू हुई थी, अब नियमित हो गई है। लड़कियां प्रवेश परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त कर रही हैं और बेहद अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। लड़कियों को भी नए सैनिक स्कूलों में प्रवेश मिल रहा है।” उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और उन्हें समान अवसर प्रदान करने के प्रति सरकार के विज़न को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए) में उनके योगदान के लिए सैनिक स्कूलों को भी बधाई दी। सैनिक स्कूलों से पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों में कुल 335 कैडेट एनडीए/आईएनए में शामिल हुए हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने सभी सैनिक स्कूलों के बीच राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए) में कैडेटों के अधिकतम प्रतिशत को भेजने में योगदान के लिए सैनिक स्कूलों को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ स्कूल के लिए रक्षा मंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^