24-Jan-2022 09:23 PM
5221
मुरैना, 24 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि कार्यकर्ता पार्टी संगठन से समाज के हर वर्ग को जोडें।
श्री चौहान आज जौरा विधानसभा के पहाडगढ मंडल के सगोरिया ग्राम के बूथ क्रमांक 243 पर पहुँचे। उन्होंने विस्तारक के रूप में बूथ समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ें। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं पार्टी नेता, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ विस्तारक योजना नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और संगठन को मजबूती देने का माध्यम है। इसलिए बूथ समितियों में समाज के सभी वर्गों के लोगों को जोड़ें। इसमें सभी जातियों, वर्गों का समावेश होना चाहिए। बूथ के कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग को पार्टी संगठन और उसकी विचारधारा से जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि पार्टी ने स्व कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मनाने का निर्णय किया। स्व़ ठाकरे ने संगठन के लिए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ सहित पूरे देश में काम किया। उन्होंने कहा कि बूथ समितियां लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम करें। बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने भी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इसके उपरांत श्री चौहान एवं श्री तोमर ने बूथ अध्यक्ष संतोषीलाल धाकड़ के निवास पर पार्टीजनों के साथ भोजन किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भारतसिंह कुशवाह, जौरा विधायक सूबेदार रजौधा, जिलाध्यक्ष योगेशपाल गुप्ता, जिला प्रभारी अभय चौधरी, मंडल अध्यक्ष हेमंत धाकड़ सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।...////...