समग्र विकास के रोडमैप पर काम कर रही है सरकार, खेल और खिलाड़ी दोनों हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
09-Mar-2025 12:00 AM 1047

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समग्र विकास के रोडमैप पर हमारी सरकार काम कर रही है। खेलों का विकास हमारा महत्वपूर्ण लक्ष्य है। खेल और खिलाड़ी दोनों हमारी प्राथमिकता में है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हमारी सरकार सभी महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। महिलाओं के लिए समर्पित दिन है। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाएं, जिन्होंने राज्य को गौरवान्वित किया है, उन्हें सम्मानित करना सरकार के लिए हर्ष का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जहांनुमा पैलेस में एक निजी मीडिया समूह द्वारा आयोजित "पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार-2025" को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, बंसल ग्रुप के सीएमडी श्री सुनील बंसल, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और उनके पंख (स्पॉनसर्स) उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृष्ण जन्म के वृत्तांत का वर्णन कर बताया कि सामाजिक सरोकार के महत्व को समझाने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने जन्म लिया। अपने विराट व्यक्तित्व से उन्होंने सामाजिक चेतना जागृत की। उन्होंने कहा कि समाज के व्यक्तियों द्वारा राज्य के उभरते खिलाड़ियों की मदद कर उन्हें खेल में सहयोग करना, हमारी सामाजिक जीवंतता का सहज प्रमाण है। इस प्रकार के विशेष आयोजन के लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^