संसद में सेंध: अदालत ने 'साजिश' में शामिल छठे आरोपी महेश को पुलिस हिरासत में भेजा
16-Dec-2023 11:16 PM 2968
नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (संवाददाता) संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में छठे आरोपी महेश कुमावत को दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पटियाला हाउस स्थित हरदीप कौर की विशेष अदालत ने महेश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सात दिनों की हिरासत में भेजने का आदेश दिया। कुमावत पर देश में कथित तौर पर अराजकता फैलाने के लिए 'मुख्य साजिशकर्ता' ललित झा के अलावा अन्य आरोपियों को दो वर्षो से मदद करने के आरोप हैं। महेश पर घटना में शामिल आरोपियों द्वारा इस्तेमाल मोबाइल फोन को नष्ट कर सबूत मिटाने के भी आरोप हैं। अदालत ने इससे पहले शुक्रवार को ललित और गुरुवार को सागर शर्मा, मनोरंजन डी, अमोल शिंदे और नीलम देवी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सात-सात दिनों की हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। आरोपियों को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत को गिरफ्तार किया गया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^