सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला उठा राज्यसभा में
05-Dec-2023 02:28 PM 7760
नयी दिल्ली, 05 दिसंबर (संवाददाता) तमिलनाडु में सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला मंगलवार को राज्यसभा में उठाया गया और संबंधित मंत्रियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने और पद से बर्खास्त करने की मांग की गयी। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के जेवीएल नरसिम्हा राव ने सदन में शून्यकाल के दौरान सनातन धर्म के उन्मूलन की धमकी देने और इस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार के मंत्री सार्वजनिक तौर पर सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करके लोगों को अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री सनातन धर्म के उन्मूलन की धमकियां दे रहे हैं। भाजपा सदस्य ने कहा कि यह एक एजेंडा है जिसे तमिलनाडु सरकार के मंत्री चला रहे हैं। भारतीय संविधान सभी को अपने-अपने धर्म का पालन करने का अधिकार देता है। तमिलनाडु सरकार के मंत्री सनातन धर्म का अपमान करके और उसे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके संविधान का उल्लंघन कर रहे हैं। इन मंत्रियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और इन्हें पद से बर्खास्त कर देना चाहिए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^