सपा, बसपा ने नहीं दिया महाराज सुहैलदेव को सम्मान: योगी
24-Dec-2021 11:50 PM 2845
बहराइच 24 दिसंबर (AGENCY) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आक्रांता सालार मसूद को मार गिराने वाले महाराजा सुहैलदेव को समाजवादी पार्टी (सपा),बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने कभी सम्मान नहीं दिया। जिले में 35.38 करोड़ रूपये की 98 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के मौके पर योगी ने शुक्रवार को कहा कि बहराइच में महाराज सुहैलदेव के नाम पर कोई संस्थान होना एक सपना था जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हकीकत में बदल दिया। महाराज सुहैलदेव और महर्षि बालार्क के नाम पर मेडिकल कालेज का शिलान्यास किया जा चुका है। महाराज सुहैलदेव का भव्य स्मारक बनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि पिछले पांच वर्ष के दौरान भाजपा की सरकार ने जो कार्य किए हैं उस पर जनता का विश्वास पाने के लिए जन विश्वास यात्रा आई है। आज ही अयोध्या में 75 जिलों के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर 500 और 250 आयुष केन्द्र का उद्घाटन किया गया है। यह चिकित्सा की दुनिया में मील का पत्थर साबित होंगे। योगी ने कहा कि आजाद भारत को अखंडता और एकता की सूत्र में बांधने का काम सरदार बल्लभ भाई पटेल ने किया था लेकिन सपा ने सरदार पटेल का अपमान किया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने देश तोड़ने वाले जिन्ना को देश के लिए समर्पित सरदार बल्लभ भाई पटेल के बराबर खड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने जनता से सीधे संवाद बनाते हुए कहा कि क्या सपा ने महाराज सुहैलदेव को सम्मान दिया। तो क्या महाराज सुहैलदेव के अनुयायी सालार मसूद के अनुयायी से हाथ मिलाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराज सुहैलदेव के अनुयायी कभी किसी के आगे नहीं झुक सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब फ्री में वैक्सीन, फ्री में टेस्ट, फ्री अनाज, पांच लाख रुपये तक उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड मिलता है तो रामराज्य की परिकल्पना पूर्ण होती है। बुआ-बबुआ और भाई बहन की जोड़ी अगर सत्ता में होती तो विदेश में मौजमस्ती कर रही होती और प्रदेश की जनता भूखों मर रही होती, कोरोना में जनता अपनी जान दे देती। लेकिन भाजपा सेवा ही संगठन के लक्ष्य पर काम करती है। पचास वर्ष पुरानी सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को पूरा करने का काम केन्द्र और प्रदेश सरकार ने मिलकर किया। उन्होंने कहा कि जब सोच ईमानदार होती है काम दमदार होता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^