मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विगत एक वर्ष में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का मूल्यांकन समाज द्वारा किया जाना बेहतर होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के बड़े लक्ष्य तय कर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अपने काम पर संतोष कर लेने से प्रगति रुक जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित एजेंडा आजतक कार्यक्रम में यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में निवेश और व्यापार की सुगमता के लिए निरंतर काम किए जा रहे हैं। सरकार प्रदेश के संभागीय मुख्यालयों में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव और देश के प्रमुख औद्योगिक नगरों में रोड-शो आयोजित कर निवेश आकर्षित कर रही है। उन्होंने बताया कि यूके यात्रा से 60 हजार करोड़ और जर्मनी दौरे से लगभग 20 हजार करोड़ के निवेश प्राप्त हुए हैं। मध्यप्रदेश संसाधन संपन्न राज्य है और व्यापार-अनुकूल एवं श्रम-हितैषी नीतियों के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाया जा रहा है।