सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाएं विधायक - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
03-Jul-2024 12:00 AM 679

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और जानकारी उपलब्ध कराने में विधायकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 4 साल का रोडमैप बना लिया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं संचालन की मानिटरिंग लगातार होती रहे। हितग्राहियों से सम्पर्क बना रहे। सभी योजनाओं में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े जाएं, अपात्रों के नाम काटे जाएं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" के आव्हान के तहत अपनी विधानसभा में सभी विधायक पौध-रोपण के कार्यक्रम का आयोजन कर अभियान का हिस्सा बनें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधायकों को आगामी चार साल के लिए 60 करोड़ रुपए की राशि शासन द्वारा दी जाएगी। राशि का प्राथमिकता के अनुसार वर्गीकरण कर जनता के विकास कार्यों में उपयोग किया जाए, जिससे क्षेत्र की जनता संतुष्ट हो सके। मुख्यमंत्री डॉ.यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में सागर संभाग के विधायकों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रदेश के विकास कार्य के लिए 4 साल का समय शेष है, इन चार वर्षों के कार्यों के लिये रोड मेप बनाएँ। सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हर साल 15 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^