शाह ने शुरू की हरियाणा में पांच जन कल्याणकारी योजनाएं
02-Nov-2023 08:07 PM 2860
करनाल 02 दिसम्बर (संवाददाता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को हरियाणा में पांच जन कल्याणकारी योजनाओं मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना, आयुष्मान भारत चिरायु योजना, हरियाणा आय वृद्धि बोर्ड, मुख्यमंत्री अंत्योदय दुग्ध उत्पादन सहकारिता प्रोत्साहन योजना और हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना का शुभारंभ किया। श्री शाह ने राज्य सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज यहां आयोजित 'अंत्योदय महासम्मेलन' को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि किसानों और वीरों की भूमि हरियाणा ने कृषि और डेयरी के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान गढ़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में देश और हरियाणा को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में सात भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, सात भारतीय प्रबंधन संस्थान, 15 एम्स 390 विश्वविद्यालय, 700 मेडिकल कॉलेज बने और 54 हज़ार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ। इसी प्रकार हरियाणा में 77 नए कॉलेज, 13 नए विश्वविद्यालय, आठ मेडिकल कॉलेज, दो नए एयरपोर्ट, 16 नए अस्पताल और 28 हज़ार किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाईं हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सरकार या राज्य की वर्षगांठ को मनाने का गरीब कल्याण से अच्छा कोई और तरीक़ा हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आज का ये अंत्योदय महासम्मेलन इसलिए उचित है क्योंकि छोटे से हरियाणा राज्य में 45 लाख लोगों के जीवन में प्रकाश फैलाने का काम किया गया है। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने हरियाणा में साढ़े सात लाख से ज्यादा शौचालय बनाए और एक करोड़ 20 लाख लोगों को प्रति माह प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज मुफ्त देने का काम किया है। राज्य में 28,000 नए आवास बनाए गए हैं और उज्ज्वला योजना के तहत आठ लाख गैस कनेक्शन देकर हरियाणा को धुआंमुक्त बनाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण को ध्यान में रखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने वृद्धावस्था, दिव्यांगजन पेंशन की राशि को 2,725 रुपए प्रति माह से बढ़ाकर नए वर्ष से 3 हजार रुपए प्रति माह कर दिया है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा के खेत अन्न रूपी सोना उगलते हैं, यहां के खिलाड़ी खेलों में पदकों की झड़ी लगा देते हैं और यह राज्य देश में चावल का सबसे बड़ा निर्यातक बन गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर दसवां जवान हरियाणा का है और सबसे ज्यादा 14 फसलों को हरियाणा सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदती है। उन्होंने कहा कि चाहें पढ़ी-लिखी पंचायतें हों, महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी हो, सभी घरों में पेयजल पहुँचाना हो या पहला आयुष विश्वविद्यालय बनाना हो सरकार ने हर क्षेत्र में हरियाणा को नंबर 1 बनाने का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि हरियाणा में पूरे देश में प्रति व्यक्ति जीएसटी कलेक्शन सबसे ज्यादा है और देश की अर्थव्यवस्था में इसका योगदान 4 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में हरियाणा देश में दूसरे और दूध उत्पादन में तीसरे स्थान पर है, 400 से अधिक फार्च्यून कंपनियों के मुख्यालय गुरुग्राम में हैं और लॉजिस्टिक्स सुविधा देने में भी हरियाणा दूसरे नंबर पर है। श्री शाह ने कहा कि विपक्ष ने हरियाणा की जनता को भय, भूख और भ्रष्टाचार-युक्त शासन दिया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भूमि की नीलामी होती थी और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब रहती थी। पिछली सरकारों ने यहां सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार कर अपने ही लोगों को नौकरियां दीं, लेकिन मनोहर लाल सरकार ने बिना किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार के योग्यता के आधार पर नौकरी देने का काम किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^