शिक्षा व्यक्ति को मानवता सिखाती है, इसलिये हर बच्चे को शिक्षा ग्रहण करनी चाहिये: तोमर
09-Jul-2023 08:28 PM 1665
मुरैना, 09 जुलाई (संवाददाता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि शिक्षा व्यक्ति को मानवता सिखाती है, इसलिये हर बच्चे को शिक्षा ग्रहण करनी चाहिये। श्री तोमर आज यहां सबलगढ़ अनुभाग में आयोजित एक प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा सिर्फ आजीविका ही नहीं, शिक्षा से मनुष्य का सर्वांगीण विकास होता है, क्योंकि मनुष्य जब शिक्षा ग्रहण करता है, तो वह अपने परिवार के साथ-साथ नगर, जिले, प्रदेश और देश का विकास करता है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज 580 छात्र-छात्राओं का सबलगढ़ में सम्मान समारोह रखा गया है। इसी प्रकार आगे भी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते रहें, तो छात्र-छात्रायें पढ़ाई में रूचि लेकर अच्छे नंबर लाकर नाम रोशन करते रहे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसी तरह श्रीकृष्ण ने भी शिक्षा ज्ञान करने के बाद संसार हित के एवं लोक कल्याण के कार्य किए, तभी वह भगवान कहलाये। आज का युग शिक्षा का युग है, आज के बच्चे उच्च शिक्षा में जा रहे हैं और उन्नति कर रहे हैं। आज हमारे देश के बच्चे अमेरिका एवं अन्य विदेशों में भी जाकर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारे युवाओं को विदेश में भारत की कोई चीज (सामान) मिलता है, जिस पर मेड इन इंडिया लिखा होता है, तो उनका सिर गर्व से ऊंचा हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं। सबलगढ़ शहर में भी कार्य शुरू हो चुका है, जो सुविधाएं छात्र-छात्राओं को निजी विद्यालयों में मिलती थी, वे सभी सुविधायें सीएम राइज स्कूल में छात्र-छात्राओं को मिलेगी। यह विद्यालय आवासीय होंगे। सीएम राइज स्कूलों के खुलने से छात्र-छात्राओं में पढ़ाई की भावना और जागृत होगी, उन्हें सारी सुविधाएं यहीं पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि सबलगढ़ तहसील के करीब 580 बच्चे जो कक्षा 10 एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाये है, उन्हें सम्मानित करने का उन्हें गौरव मिला है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^