लालू के बड़े लाल को लेकर शिवानंद तिवारी ने किया यह बड़ा दावा
07-Oct-2021 05:30 PM 1978
नई दिल्ली । राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अंदर तेजप्रताप और तेजस्वी यादव को लेकर घमासान मचा हुआ है। इसी बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने तेजप्रताप को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि तेजप्रताप यादव को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। उन्हें पार्टी के आधिकारिक चिह्न का इस्तेमाल करने की मनाही है। दरअसल, हाजीपुर पहुंचे शिवानंद तिवारी ने कहा कि 'तेजप्रताप पार्टी में हैं कहां? उन्होंने जनशक्ति परिषद नाम से नया संगठन बनाया है। वो पार्टी में नहीं हैं।' जब उनसे पूछा गया कि क्या तेजप्रताप को निष्कासित कर दिया गया है तो उन्होंने कहा कि वह खुद निष्कासित हो गए हैं। उन्होंने जो अलग संगठन बनाया था और उसमें पार्टी का सिंबल लगाया था। तभी उन्हें मना कर दिया गया था। उन्होंने खुद इस बात को कबूला है। शिवानंद के इस बयान से पार्टी के अंदर बवाल मचा हुआ है। विवाद बढ़ता देख उन्होंने मीडिया पर अपने बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है। सूत्रों के अनुसार, तेजप्रताप को फिलहाल पार्टी से निकालने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। माना जा रहा है कि एक तबके को खुश करने के लिए शिवानंद तिवारी ने यह बयान दिया है। Shivanand Tiwari..///..shivanand-tiwari-made-this-big-claim-about-lalus-big-lal-321914
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^