सुशील को मेरी सरकार पर निशाना साधने के लिए केंद्रीय नेतृत्व दे सकता है इनाम : नीतीश
28-Aug-2022 10:27 PM 7227
पटना 28 अगस्त (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के उनकी नवगठित सरकार की लगातार जारी आलोचना पर आज कहा कि यदि उन्होंने (श्री मोदी) बिहार की महागठबंधन सरकार के खिलाफ निशाना बनाना जारी रखा तो उन्हें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से पुरस्कृत किया जाएगा। श्री कुमार ने रविवार को पूर्व मंत्री सुभाष सिंह को उनके गोपालगंज जिला स्थित उनके गांव जाकर उनके श्राद्धकर्म में शामिल होने के बाद संवाददाताओं के श्री मोदी के इस दावे के बारे में कि महागठबंधन सरकार गिर जाएगी से संंबंधित सवाल के जवाब में कटाक्ष करते हुए कहा, “मोदी जी से कहिए कि जल्दी सरकार गिरा दें ताकि उन्हें भी कोई जगह मिल जाए। जब प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी थी तब तो सुशील मोदी को कुछ नहीं बनाया गया। इसे लेकर उनको तकलीफ थी। यदि श्री मोदी महागठबंधन सरकार के बारे में रोज कुछ बोलेंगे तो शायद भाजपा केंद्रीय नेतृत्व उनसे खुश हो जाए और उन्हें इनाम भी दे।” गौरतबल है कि वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राजग के सत्ता में आने के बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नीतीश सरकार में श्री मोदी को फिर से उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया था। हालांकि श्री मोदी को भाजपा कोटे से बिहार से राज्यसभा भेजा गया, तब से उन्हें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दरकिनार कर दिया गया था क्योंकि केंद्र में भी उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं दी गई । पिछले साल केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान भी श्री मोदी की अनदेखी की गई । मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कई मुद्दों पर मतभेदों के बाद इस वर्ष 09 अगस्त को भाजपा से नाता तोड़ लिया और राजग से अलग हो गए और महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाथ मिला लिया। श्री मोदी सहित भाजपा के नेता तब से मुख्यमंत्री श्री कुमार को उनके यूटर्न के लिए निशाना बना रहे हैं और भविष्यवाणी कर रहे हैं कि उनकी नई सरकार जल्द ही गिर जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^